1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यूपी बनाने जा रहा एक और रिकॉर्ड, CM योगी लखनऊ से करेंगे शुरुआत

यूपी बनाने जा रहा एक और रिकॉर्ड, CM योगी लखनऊ से करेंगे शुरुआत

 Edited By: Amar Deep
 Published : Jul 20, 2024 07:03 am IST,  Updated : Jul 20, 2024 08:19 am IST

उत्तर प्रदेश में शनिवार को 36 करोड़ से अधिक पौधे रोपे जाने हैं। सीएम योगी लखनऊ के अकबरनगर इलाके से इसकी शुरुआत करेंगे। वहीं ऐसा करने के बाद उत्तर प्रदेश पौधरोपण के मामले में एक और रिकॉर्ड स्थापित कर लेगा।

यूपी में लगाए जाएंगे 36 करोड़ से अधिक पौधे।- India TV Hindi
यूपी में लगाए जाएंगे 36 करोड़ से अधिक पौधे। Image Source : CMO

लखनऊ: यूपी में हरित आवरण बढ़ाने के राज्य सरकार के द्वारा तमाम प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज शनिवार को प्रदेश भर में करीब 36.46 करोड़ पौधे लगाए जाएंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ राजधानी लखनऊ में पौधे लगाकर इसकी शुरुआत करेंगे। एक अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि कुकरैल नदी को पुनर्जीवित करने के उद्देश्य से अनधिकृत कब्जों से खाली कराए गए राजधानी लखनऊ के अकबरनगर क्षेत्र में शनिवार को मुख्यमंत्री योगी पौधारोपण करेंगे। इसके साथ ही सीएम योगी 'पेड़ लगाओ, पेड़ बचाओ जन अभियान-2024' की शुरुआत करेंगे। वहीं पौधे सुरक्षित रहें, इसके लिए पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे और रोपाई वाली जगहों की ‘जियो टैगिंग’ भी की जाएगी। 

पीएम मोदी ने किया था आह्वान

सीएम योगी ने एक बयान में कहा, ‘‘प्रदेशवासी, वन महोत्सव के साथ-साथ पौधरोपण महाअभियान के, इस पवित्र अभियान का हिस्सा बन कर के पर्यावरण की चुनौती का सामना करने के लिए आगे आएंगे।’’ प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के 'एक पेड़ मां के नाम' आह्वान पर शुरू हो रहे इस जन अभियान के लिए मुख्यमंत्री ने हाल में लोगों से 'एक पेड़ मां के नाम' से लगाने की अपील भी की थी। उनका कहना है कि लोगों को भी पर्यावरण बचाने की मुहिम में शामिल होना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘राज्य के सभी लोगों को इस अभियान का हिस्सा बनकर अपनी मां के नाम पर एक पेड़ जरूर लगाना चाहिए।’’ 

सात साल में रोपे गए 168 करोड़ पौधे

अधिकारियों मुताबिक पिछले सात साल में राज्य में 168 करोड़ से ज्यादा पौधे रोपे जा चुके हैं। सस्टेनेबल फॉरेस्ट इनीशिएटिव (एसएफआई) की रिपोर्ट के मुताबिक उत्तर प्रदेश में 1.98 लाख एकड़ जमीन पर हरियाली में बढ़ोतरी हुई है। आगरा के प्रभागीय वन अधिकारी (डीएफओ) आदर्श कुमार ने कहा कि ‘‘प्रदेशभर में लगभग, साढ़े 36 करोड़ पौधों का रोपण किया जाना है। उसी क्रम में, आगरा जिले को 54 लाख पौधे रोपित किए जाने का लक्ष्य मिला है। इसमें वन विभाग द्वारा 15 लाख, बाकी अन्य हमारे 25 सहयोगी विभागों द्वारा रोपित किए जाने हैं।’’ अधिकारियों के मुताबिक राज्य सरकार चाहती है कि प्रदेश के कुल हरित इलाके को 2021-22 के 9.23 प्रतिशत से बढ़ा कर 2026-27 तक 15 प्रतिशत तक ले जाए। ऐसा करने के लिए 175 करोड़ पौधे लगाकर पेड़ बनने तक उनकी देखभाल करनी होगी। 

दो चरणों में चलाया जाएगा अभियान

प्रधान मुख्य वन संरक्षक सुनील चौधरी ने कहा, ''यह अभियान बहुत महत्वपूर्ण है और इसे हम दो चरणों में बांट रहे हैं। पहले चरण में हम पौधारोपण करेंगे। फिर, एक अक्टूबर से हमारा दूसरा अभियान शुरू होगा जिसमें हम इनकी निगरानी करेंगे और उनकी देखभाल करेंगे।’’ मुख्यमंत्री ने पीएम सम्मान निधि पाने वाले 2.62 करोड़ किसानों को भी पौधे रोपने की मुहिम से जोड़ने को कहा है। साथ ही राजमार्ग-और एक्सप्रेसवे के किनारे फलदार-छायादार पौधे रोपे जाएंगे। गंगा, यमुना, हिंडन समेत दूसरी नदियों के किनारे बसे इलाकों में भी पौधे रोपे जाएंगे। निजी संगठनों, धार्मिक-सामाजिक संस्थाओं को भी इस मुहिम से जोड़ा जाएगा। पीएम आवास योजना वाले इलाकों में भी हरियाली बढ़ाई जाएगी। (इनपुट- भाषा)

यह भी पढ़ें- 

प्रदर्शन की आग में झुलसा बांग्लादेश, इमरजेंसी जैसे हालात; देश भर में लगा कर्फ्यू

यूपी में कहीं बच्ची संग शिक्षक ने किया दुष्कर्म, तो कहीं पांचवी के छात्र का हुआ अपहरण, जांच में जुटी पुलिस

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।