1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. बेवफा पत्नी की खौफनाक साजिश, बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर पति की हत्या की, बाइक पर शव रखकर लाश को ठिकाने भी लगाया

बेवफा पत्नी की खौफनाक साजिश, बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर पति की हत्या की, बाइक पर शव रखकर लाश को ठिकाने भी लगाया

 Published : Feb 17, 2026 08:49 am IST,  Updated : Feb 17, 2026 09:53 am IST

पुलिस की टीम ने आरोपी पत्नी और उसके बॉयफ्रेंड को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों ने पुलिस के सामने खुद अपना जुर्म कबूल किया है। दोनों के पास से वारदात में शामिल हथियार भी मिले हैं।

बाइक पर शव ले जाते हुए बेवफा पत्नी और उसका बॉयफ्रेंड- India TV Hindi
बाइक पर शव ले जाते हुए बेवफा पत्नी और उसका बॉयफ्रेंड Image Source : REPORTER INPUT

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में शहर कोतवाली क्षेत्र के मलीरा गांव में हुई सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने 24 घंटे के अंदर खुलासा कर दिया। पुलिस ने मृतक की पत्नी और उसके बॉयफ्रेंड को गिरफ्तार किया है। पुलिस की टीम ने हत्या में शामिल हथौड़ा, खून से सने कपड़े और चादर बरामद की है।

मृतक की पहचान संदीप के रूप में हुई

जानकारी के अनुसार, 15 फरवरी 2026 की सुबह मलीरा गांव के जंगल में एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली थी। मौके पर पहुंची टीम ने शव की पहचान संदीप के रूप में की। वह मलीरा गांव का रहने वाला था। 

सिर पर चोट के गहरे निशान

मृतक के सिर पर गहरी चोट के निशान पाए गए, जिससे प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई गई। तहरीर के आधार पर थाना कोतवाली नगर में मुकदमा अपराध संख्या 67/2026 धारा 103(1) व 328ए बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर दो टीमों का गठन किया गया।

नींद की गोलियां देने के बाद सिर पर मारे हथोड़े

जांच के दौरान पुलिस ने 16 फरवरी को रोडवेज बस स्टैंड से गौतम उर्फ सौरभ एवं मृतक की पत्नी मीनाक्षी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने अवैध संबंध स्वीकार करते हुए बताया कि 14 फरवरी की रात पत्नी ने पति को खाने में नींद की गोलियां दे दीं। अचेत होने पर बॉयफ्रेंड ने हथौड़े से सिर, चेहरे और गले पर वार कर उसकी हत्या कर दी। 

बाइक पर रखकर गांव के बाहर फेंक दिया शव

आरोपी महिला ने बताया कि बाद में शव को मोटरसाइकिल पर रख कर गांव के बाहर फेंक दिया गया। एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत ने कहा कि आरोपियों को जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है। घटना से क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

रिपोर्ट- योगेश त्यागी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।