उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी से परेशान होकर इच्छा मृत्यु की मांग की है। पीड़ित पति अपने हाथ में एक बैनर लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचा। इस बैनर में पीएम मोदी और सीएम योगी से इच्छामृत्यु की मांग की गई थी। गांधीनगर कॉलोनी में रहने वाला सुमित सैनी सोमवार को हाथ में बड़ा सा बैनर लेकर जिला कलेक्ट्रेट पर पहुंचा। यहां उसने एक ज्ञापन राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम अधिकारियों को देकर इच्छा मृत्यु की मांग की।
पीड़ित पति ने बैनर पर अपनी पत्नी का फोटो लगाकर लिखा था, "एक गरीब की गुहार ,इच्छा मृत्यु की मांग। आदरणीय राष्ट्रपति महोदय माननीय प्रधानमंत्री माननीय मुख्यमंत्री योगी जी मैं बहुत गरीब हूं और अपनी पत्नी पिंकी से परेशान हताश होकर आपसे इच्छा मृत्यु की मांग करता हूं।"
क्या है मामला?
सुमित सैनी नाम के युवक की शादी 1 जुलाई 2024 को जनपद के कुकड़ा गांव में पिंकी नाम की एक युवती से हुई थी। सुमित का आरोप है की शादी के दूसरे दिन ही पिंकी ने उससे साफ शब्दों में कह दिया था कि यह शादी उसकी मर्जी से नहीं हुई है वह किसी और से प्यार करती है। आरोप है कि इसके बाद पिंकी लगातार घर में झगड़ा करने लगी। आए दिन वह पति की पिटाई भी करती थी और मारने की नीयत से उसका गला भी घोटती थी। पीड़ित पति ने यह भी बताया कि पिंकी पिछले 6 महीने से अपने मायके में रह रही है, लेकिन इस दौरान भी वह फोन पर लगातार धमकी देती है और लड़के भेज कर पति की पिटाई भी करवाती है। इससे परेशान और हताश होकर पीड़ित पति कलेक्ट्रेट में इच्छा मृत्यु की मांग करने पहुंचा था।

पीड़ित ने क्या कहा?
पीड़ित पति सुमित सैनी ने कहा, "मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी से और मुख्यमंत्री जी से अपनी इच्छा मृत्यु की मांग करता हूं> मैं अपनी पत्नी से बहुत परेशान हूं, इसलिए मैं इच्छा मृत्यु की मांग करता हूं। मेरी शादी 14 जुलाई 2024 में हिंदू रीति रिवाज के साथ बिना दहेज के हुई थी। शादी के दूसरे दिन ही पत्नी कहती है कि वह तो किसी और से प्रेम करती थी और माता-पिता ने जबरन शादी करा दी। शादी के बाद ही उसने मेरे साथ गाली-गलौज और लड़ाई करना शुरू कर दिया था। शादी के 1 महीने बाद ही मेरे साथ मारपीट करती थी। मेरी शादी करने से पहले ससुराल पक्ष ने उसकी उम्र भी छुपाई। मैं 27 साल का हूं वह 35 साल की औरत है, जो मुझे शादी के बाद पता चला। मैं सिर्फ यह चाहता हूं कि मुझे इच्छा मृत्यु चाहिए।"
पत्नी पर लगाए गंभीर आरोप
पीड़ित सुमित ने पत्नी पर आरोप लगाते हुए कहा "कई बार वह मुझे मरवाने का प्रयास कर चुकी है। मेरे साथ मारपीट भी करती है। मैं घर कई बार उसे लेने के लिए गया, लेकिन उसके घर वाले कहते हैं कि यहां से चला जा, पिंकी को हम नहीं भेजेंगे। मैं इसके बड़े भाई के पास भी गया। बड़े भाई कहते हैं, हमारा कोई लेना-देना नहीं है। हमारे घर में भाई बहन की नहीं चलती। वे भी यही कहते हैं कि उनके घर में मां और उनकी बहन की चलती है।
पिता ने जायदाद से बेदखल किया
सुमित ने बताया कि शादी के एक महीने बाद ही पत्नी ने ज्यादा झगड़ा शुरू कर दिया तो शादी बचाने के लिए पिता ने उसे संपत्ति से बेदखल कर दिया, ताकि पति-पत्नी के बीच शांति बनी रहे, क्योंकि पत्नी अपने सास-ससुर के साथ गाली-गलौज करती थी। सुमित ने कहा, "वह कहती थी कि अगर तूने हिस्सा नहीं लिया तो तुझे जान से मरवा दूंगी। अपने यारों से पिटवा दूंगी। पिता ने मेरे हिस्से में 8 लाख रुपये निकाले थे। इनमें से 5 लाख का खर्च शादी में हुआ था। बाकी बचे 3 लाख रुपये और कीमती समान लेकर पिंकी अपने मायके चली गई। वह अपनी मर्जी से बिना किसी कारण के मायके गई थी। मैं उसे कई बार लेने जा चुका हूं। मेरे साथ मार पिटाई होती है। मैंने कोर्ट में सैक्सन 9 के तहत जब उसे लाने का प्रयास किया, उसके पास एक नोटिस भी भेजा था। नोटिस के 8 दिन बाद ही उसने मेरे छोटे भाई पर और सब पर झूठा आरोप लगाया। छेड़खानी का आरोप लगाया। हम 6 महीने से अलग रह रहे हैं। मैं दुकान पर साफ सफाई का काम करता हूं।"
(मुजफ्फरनगर से योगेश त्यागी की रिपोर्ट)