मुजफ्फरनगर: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में लव जिहाद का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां नाम बदलकर मेरठ के एक युवक ने पहले युवती को अपने प्रेमजाल में फसाया और फिर उसे बहला-फुसला कर अपने साथ ले गया। दरसअल, 2 दिन पहले 7 मई को नई मंडी कोतवाली में एक व्यक्ति ने लिखित शिकायती पत्र देते हुए ये आरोप लगाया था कि मेरठ के रहने वाले समीर खान नामक एक युवक अपनी पहचान छुपाकर उसकी बहन को बहला-फुसला कर ले गया है।
24 घंटे के अंदर पुलिस ने किया आरोपी को गिरफ्तार
शिकायत में आरोप ये भी था कि आरोपी पीड़ित की बहन का धर्म परिवर्तन कराकर जबरन निकाह कर उसे लव जिहाद की भेंट चढ़ाना चाहता है। इसकी शिकायत पर पुलिस ने इस मामले के आरोपी युवक समीर खान के खिलाफ बीएनएस की धारा 131/103 (1) व 3/5 (3) उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म परिवर्तन प्रतिनिषेध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर 24 घंटे के अंदर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। पुलिस टीम ने पीड़ित युवती को भी बरामद कर उसे मेडिकल के लिए भिजवाकर अपनी आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
आरोपी ने किया धर्म परिवर्तन का प्रयास
इसकी जानकारी देते हुए सीओ नई मंडी राजू कुमार साव ने बताया कि थाना नई मंडी के गांधीनगर के रहने वाले एक व्यक्ति ने थाना नई मंडी पर आकर शिकायत दर्ज कराई कि उसकी बहन को एक दूसरे संप्रदाय का युवक धर्म परिवर्तन कराकर शादी करने के इरादे से अपने साथ ले गया है। इस सूचना पर तत्काल सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर युवती की बरामदगी के लिए टीमों को क्षेत्र में रवाना कर दिया गया।
एक्शन लेकर आरोपी को भेजा गया जेल
उन्होंने आगे कहा कि नई मंडी पुलिस ने 24 घंटे के अंदर पीड़ित युवती को सकुशल बरामद कर लिया और लेकर भागने वाले व धर्मांतरण करने वाले युवक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी युवक, जिसका नाम समीर खान है, वह ब्रह्मपुरी, मेरठ का रहने वाला है। उसके खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसको जेल भेज दिया गया है।
अधिकारी ने कहा कि बरामदशुदा युवती की मेडिकल जांच और बयान लेने की कार्रवाई की जा रही है। उस युवती की काउंसलिंग भी पुलिस कर रही है। युवती के परिजनों से लगातार मंडी पुलिस संपर्क में है। पुलिस की तरफ से आगे की कार्रवाई की जा रही है।
(इनपुट- योगेश त्यागी)
ये भी पढ़ें- शुभेंदु अधिकारी के CM बनते ही अभिषेक बनर्जी ने की सवालों की बौछार! जानें क्या-क्या आरोप लगाए