1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. मुफ्फरनगर सड़क हादसा: खड़े ट्रक में पीछे से घुसी अर्टिगा कार, 2 महिला समेत 6 की मौत

मुफ्फरनगर सड़क हादसा: खड़े ट्रक में पीछे से घुसी अर्टिगा कार, 2 महिला समेत 6 की मौत

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Oct 01, 2025 09:49 am IST,  Updated : Oct 01, 2025 11:13 am IST

हादसे में जान गंवाने वाले लोग अस्थियां विसर्जित करने करनाल से हरिद्वार जा रहे थे। मुजफ्फरनगर में तितावी बायपास के जयदेव होटल के करीब उनकी कार हादसे का शिकार हो गई।

Car Accidnet- India TV Hindi
खड़े ट्रक से टकराई कार Image Source : REPORTER INPUT

मुजफ्फरनगर में बुधवार (1 अक्टूबर) सुबह भीषण सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वालों में दो महिलाएं भी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार अर्टिगा गाड़ी खड़े ट्रक में पीछे से घुस गई। इस वजह से हादसा हुआ। दिल दहला देने वाला सड़क हादसा बुधवार को तड़के मुजफ्फरनगर जनपद में हुआ। तितावी बायपास स्थित जयदेव होटल के पास खड़े ट्रक में पीछे से एक अर्टिगा कार जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि कार पूरी तरह ट्रक के नीचे जा घुसी और मौके पर ही छह लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।

मृतकों में तीन पुरुष और तीन महिलाएं शामिल हैं। सभी लोग करनाल से हरिद्वार गंगा नदी में अस्थियां विसर्जन करने के लिए जा रहे थे। पुलिस के अनुसार, कार तेज रफ्तार में थी और आगे खड़े ट्रक को चालक देख नहीं पाया, जिसके चलते यह दर्दनाक दुर्घटना हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और पुलिस व स्थानीय लोगों को शव निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।

जेसीबी की मदद से निकाले शव

सूचना मिलते ही तितावी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। पुलिस ने जेसीबी की मदद से कार को ट्रक से अलग कराया और शवों को बाहर निकाला। घायल को गंभीर हालत में नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद परिजनों को सूचना दी गई, जिनके पहुंचते ही घटनास्थल पर कोहराम मच गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस बायपास पर आए दिन भारी वाहन खड़े रहते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। हादसे के बाद लोगों ने सड़क पर जाम भी लगा दिया और पुलिस प्रशासन से मांग की कि सड़क पर खड़े वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो।

पुलिस ने शुरू की जांच

फिलहाल पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है। यह भीषण सड़क हादसा न केवल परिजनों बल्कि पूरे क्षेत्र को झकझोर गया है। त्योहारों के बीच इस तरह का दर्दनाक हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और नियमों की अनदेखी पर सवाल खड़े करता है। फुगाना सीओ रूपाली राव ने बताया का हादसे का शिकार हुए लोग हरियाणा के करनाल के रहने वाले थे। ये लोग अस्थियां विसर्जित करने हरिद्वार जा रहे थे। इसी दौरान यह हादसा हुआ।

(मुजफ्फरनगर से योगेश त्यागी की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

लखनऊ में बिल्ली पालना हुआ मुश्किल, नगर निगम ने बनाए नए नियम, देने होंगे 500 रुपये, जानें क्यों

1 और 2 अक्टूबर को नोएडा में निकलने से पहले पढ़ लें ये ट्रैफिक एडवाइजरी, मुश्किल में नहीं फंसेंगे

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।