1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. इटावा में शादी के 19 दिन बाद उजड़ गया नवदंपती का घर, पति ने फंदे से दी जान, पत्नी ने भी की आत्महत्या की कोशिश

इटावा में शादी के 19 दिन बाद उजड़ गया नवदंपती का घर, पति ने फंदे से दी जान, पत्नी ने भी की आत्महत्या की कोशिश

 Written By: India TV UP Bureau Desk
 Published : Jul 28, 2026 09:19 pm IST,  Updated : Jul 28, 2026 09:19 pm IST

इटावा के फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र में शादी के महज 19 दिन बाद एक नवविवाहित युवक ने कथित पारिवारिक विवाद के बाद फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली।

Etawah- India TV Hindi
अंकित कुशवाह और खुशबू Image Source : REPORTER INPUT

सात फेरे लेकर साथ जीने-मरने की कसमें खाने वाले एक नवविवाहित जोड़े का रिश्ता महज 19 दिनों में दर्दनाक मोड़ पर पहुंच गया। इटावा में कथित पारिवारिक विवाद के बाद एक 25 साल के युवक ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। पति की मौत की खबर मिलते ही पत्नी ने भी कथित तौर पर नींद की गोलियां खाकर और फंदा लगाने का प्रयास कर अपनी जान देने की कोशिश की। घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है, जबकि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच में जुटी है।

पति को पत्नी पर था शक

मामला फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र के जुगरामऊ गांव का है। यहां रहने वाले अंकित कुशवाह की शादी 7 जुलाई को खुशबू से हुई थी। परिवार में नई शुरुआत की खुशियां थीं, लेकिन शादी के महज 19 दिन बाद ही यह रिश्ता दुखद अंत तक पहुंच गया। परिजनों के अनुसार, एक दिन पहले अंकित ने अपनी पत्नी को बाजार में एक युवक के साथ देखा था। इसके बाद दोनों के बीच सड़क पर ही कहासुनी और विवाद हो गया। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल होने की बात सामने आई है। हालांकि, वीडियो की पुष्टि स्वतंत्र रूप से नहीं हो सकी है। परिजनों का आरोप है कि अंकित को पत्नी के किसी अन्य युवक से संबंध होने का शक था, जिसके चलते घर में तनाव का माहौल बन गया था।

बताया जा रहा है कि विवाद के बाद अंकित काफी परेशान था। मंगलवार सुबह उसने घर के अंदर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पति की मौत के बाद पत्नी ने की आत्महत्या की कोशिश

दूसरी तरफ, पति की मौत की सूचना मिलने के बाद पत्नी खुशबू ने भी कथित तौर पर नींद की गोलियां खा लीं और फंदा लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। परिजनों ने समय रहते उसे बचा लिया और जिला अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान उसने अस्पताल में हंगामा भी किया। फिलहाल चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, लेकिन घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें:

ग्राम प्रधान की पत्नी का शौचालय में मिला अधजला शव, भाई ने जताया हत्या का शक

पत्नी और सगे बाप के बीच अवैध संबंध, शक में बेटे ने दोनों को मारी गोली, मौके पर मौत

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।