1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. नोएडा: सेक्टर 137 मेट्रो स्टेशन के नीचे मोमोज खा रहे युवक की गोली मारकर हत्या, सामने आया ये विवाद

नोएडा: सेक्टर 137 मेट्रो स्टेशन के नीचे मोमोज खा रहे युवक की गोली मारकर हत्या, सामने आया ये विवाद

 Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd
 Published : Sep 16, 2024 10:20 am IST,  Updated : Sep 16, 2024 12:15 pm IST

नोएडा सेक्टर 137 मेट्रो स्टेशन के नीचे एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। जिस समय ये हत्याकांड हुआ, उस समय युवक मोमोज खाकर वॉशरूम जा रहा था।

noida police - India TV Hindi
नोएडा पुलिस Image Source : INDIA TV

नोएडा: यूपी के नोएडा में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। घटना नोएडा के सेक्टर 137 मेट्रो स्टेशन के नीचे हुई है। इस मामले के सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस की 6 टीम आरोपी की गिरफ्तारी में जुटी हैं।

क्या है पूरा मामला?

नोएडा सेक्टर 137 मेट्रो स्टेशन के नीचे बने फूड कोर्ट में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। सूचना मिलने पर थाना 142 पुलिस टीम और वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे और युवक को हॉस्पिटल ले जाया गया। यहां डॉक्टरों युवक को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या की वजह प्रॉपर्टी विवाद के रूप में सामने आई है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 6 टीमें बनाई गई हैं। आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। 

पुलिस ने क्या कहा?

एडिशनल सीपी शिव हरी मीणा ने बताया कि दो पक्षों के बीच प्रॉपर्टी को लेकर आपस में विवाद चल रहा था। विवाद को सुलझाने के लिए दोनों पक्ष मेट्रो स्टेशन 137 के नीचे इकट्ठा हुए थे। इसी दौरान एक पक्ष ने नवेंन्द्र कुमार झा पर गोली चला दी।

गोली नवेंन्द्र के सिर में लगी। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया लेकिन वहां उसकी मौत हो गई। थाना 142 पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नवेंन्द्र के शव को कब्जे में लिया और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एडिशनल सीपी ने बताया कि वे लोग मोमोज खा रहे थे। उसे खाने के बाद नवेंन्द्र जब वाशरूम के लिए जा रहा था, इसी दौरान ये घटना घटी। 

गोली चलाने वालों की पहचान हो चुकी है, दोनों पक्ष खोड़ा गाजियाबाद के रहने वाले हैं। जिनके बीच सेक्टर 82 स्थित प्रॉपर्टी को लेकर विवाद चल रहा था। आरोपी की तलाश के लिए 6 टीमें बनाई गई हैं। आरोपी को शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। (नोएडा से राहुल ठाकुर की रिपोर्ट)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।