सपा प्रमुख अखिलेश यादव के 'A' से आदिवासी वाले बयान पर ओमप्रकाश राजभर ने तंज कसा। यूपी के बलिया जिले में पहुंचे ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव 'A' से आतंकवादी भी कह सकते हैं। वहीं, बृजेश सिंह को ओमप्रकाश राजभर ने माफिया या बाहुबली मानने से इनकार किया। राजभर ने कहा कि बृजेश सिंह न तो बाहुबली हैं और ना ही अपराधी, वह टिकट मांगेंगे तो उन्हें टिकट देंगे।
अखिलेश पर लगाया दंगे के आरोपियों को बचाने का आरोप
सुभासपा के राष्ट्रीय कार्यालय रसड़ा में सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर में कहा, ''मुजफ्फरनगर दंगे में जो लोग दोषी थे उनके मुकदमे वापस लिए गए और जांच कर रहे CO को सस्पेंड कर दिया गया। उस समय अखिलेश की ही सरकार थी। इसीलिए A से वह कभी अगड़ा कहते हैं, कभी अल्पसंख्यक कहते हैं तो वह A से आतंकवादी भी कह सकते हैं।''
राजभर ने बृजेश सिंह को बाहुबली मानने से किया इनकार
सूबे की सरकार में मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने बृजेश सिंह को लेकर भी बड़ा बयान दिया। राजभर बोले, ''बृजेश सिंह अगर विधानसभा का टिकट मांगेंगे तो हम उन्हें टिकट देंगे। बृजेश सिंह न तो माफिया है और ना ही बाहुबली, जब तक कोर्ट सिद्ध ना कर दे। मैं बृजेश सिंह को बाहुबला या माफिया नहीं मानता क्योंकि कोर्ट ने सिद्ध नहीं किया है। बृजेश सिंह का नाम भी वोटर लिस्ट है और जिसका नाम भी वोटर लिस्ट में है, वह सभी टिकट मांग सकते हैं।''
नूरिया अंसारी के भोले शंकर की पूजा करने पर कसा तंज
वहीं, सपा सांसद अफजाल अंसारी की बेटी नूरिया अंसारी की सपा से चुनाव लड़ने की अटकलों के बीच शिव मंदिर में जल चढ़ाते उनकी एक तस्वीर वायरल होने के सवाल पर ओपी राजभर ने कहा, ''भोले शंकर के मंदिर में पूजा करने से वोट मिल जाता तो सभी नेता भोले शंकर में मंदिर में जाकर दर्शन कर लेते। जनता जनार्दन है और जनता सब जानती है। जनता वोट देती है।''
सबूत है तो लिखित में दें स्वामी प्रसाद मौर्य
साथ ही, स्वामी प्रसाद मौर्य के बयान पर ओम प्रकाश राजभर बोले कि मौर्य का बयान उनका विचार है। अगर उनके पास सबूत है चोरी का, तो उसे उन्हें लिखित में देना चाहिए। स्वामी प्रसाद मौर्य किस आधार पर बोल रहे हैं, यह वह ही जान सकते हैं।
(इनपुट- अमित कुमार)
ये भी पढ़ें- 'शिवपाल ने कहा था कि सपा चोरों और माफियाओं की पार्टी बन गई है', ओमप्रकाश राजभर ने लगाए गंभीर आरोप