1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. सिंगापुर दौरे पर सीएम योगी: पहले दिन यूनिवर्सल सक्सेस ग्रुप के साथ तीन MoU साइन हुए, 6650 करोड़ रुपये का निवेश

सिंगापुर दौरे पर सीएम योगी: पहले दिन यूनिवर्सल सक्सेस ग्रुप के साथ तीन MoU साइन हुए, 6650 करोड़ रुपये का निवेश

 Published : Feb 23, 2026 04:57 pm IST,  Updated : Feb 23, 2026 04:57 pm IST

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सिंगापुर के दौरे पर हैं। इस दौरे के पहले दिन ही यूनिवर्सल सक्सेस ग्रुप ने 6,650 करोड़ रुपये के निवेश के लिए तीन MoU साइन किए हैं।

सीएम योगी के सिंगापुर दौरे के पहले दिन यूनिवर्सल सक्सेस ग्रुप ने तीन MoU किए साइन, राज्य में करेगा 6- India TV Hindi
सीएम योगी के सिंगापुर दौरे के पहले दिन यूनिवर्सल सक्सेस ग्रुप ने तीन MoU किए साइन, राज्य में करेगा 6,650 करोड़ रुपये का निवेश। Image Source : X @CMOFFICEUP

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 24 फरवरी तक सिंगापुर की यात्रा पर हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सिंगापुर यात्रा के पहले दिन यूनिवर्सल सक्सेस ग्रुप ने राज्य में कुल 6,650 करोड़ रुपये के निवेश के लिए तीन महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर साइन किए हैं। सीएम योगी 23-24 फरवरी तक सिंगापुर की यात्रा पर हैं। राज्य सरकार द्वारा लखनऊ में जारी एक बयान के अनुसार, ये निवेश ग्रुप हाउसिंग, लॉजिस्टिक्स और हाइपरस्केल डेटा सेंटर जैसे रणनीतिक क्षेत्रों में होंगे। 

इन परियोजनाओं से रोजगार के 20 हजार से अधिक अवसर पैदा होंगे। बयान के मुताबिक मुख्यमंत्री ने निवेशकों को उत्तर प्रदेश की नीतिगत स्थिरता, बेहतर संपर्क और तेजी से विकसित हो रहे औद्योगिक ढांचे से अवगत कराया। साथ ही ग्रुप को डेटा सेंटर स्थापना के लिए लखनऊ आने का आमंत्रण दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार निवेशकों को हर लेवल पर सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है। अधिकारियों के अनुसार सिंगापुर यात्रा के पहले दिन हुए ये तीन एमओयू प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने, शहरी विकास को नई दिशा देने और बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माने जा रहे हैं।

परियोजनाएं

  • अधिकारियों ने बताया कि पहली परियोजना के तहत यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र में जेवर हवाई अड्डे के करीब 100 एकड़ भूमि पर अंतरराष्ट्रीय स्तर की टाउनशिप विकसित की जाएगी। अधिकारियों के मुताबिक इस परियोजना में 3500 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है। इसके धरातल पर उतरने के साथ ही लगभग 12000 लोगों को रोजगार मिलेगा। उन्होंने बताया कि जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के आसपास तेजी से विकसित हो रहे शहरी क्षेत्र को नई पहचान देने जा रही इस परियोजना को 2027 में शुरू किए जाने की योजना है। 
  • बयान के मुताबिक दूसरी परियोजना कानपुर-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर 50 एकड़ भूमि में लॉजिस्टिक्स पार्क के विकास से संबंधित है। अधिकारियों ने बताया कि इस परियोजना में 650 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है और लगभग 7500 रोजगार सृजित होने का अनुमान है। इसको भी 2027 में शुरू किए जाने की योजना है और यह लॉजिस्टिक्स पार्क प्रदेश की औद्योगिक तथा निर्यात गतिविधियों को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। 
  • बयान के अनुसार, तीसरी परियोजना के तहत नोएडा और ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में 10 एकड़ जमीन पर 40 मेगावाट आईटी पावर क्षमता वाला हाइपरस्केल डेटा सेंटर पार्क स्थापित किया जाएगा। अधिकारियों के मुताबिक इस परियोजना में 2500 करोड़ रुपये का निवेश होगा और करीब 1500 लोगों को रोजगार मिलेगा। एमओयू के अनुसार इस परियोजना को वर्ष 2028 में शुरू करने की योजना है। 

इससे पहले सीएम योगी आदित्यनाथ ने सिंगापुर के निवेश-केंद्रित संस्थानों के साथ बैठकें कीं और अपने राज्य में संप्रभु निवेश भागीदारी के अवसरों पर विचार विमर्श किया। उन्होंने डेटा सेंटर, लॉजिस्टिक्स हब, नवीकरणीय ऊर्जा एवं औद्योगिक अवसंरचना जैसे क्षेत्रों में उत्तर प्रदेश में संप्रभु निवेश की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया। मुख्यमंत्री ने जीआईसी के सीईओ लिम चाउ कियात और उनके प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक की। उन्होंने उत्तर प्रदेश में जीआईसी की मौजूदा साझेदारियों की सराहना की जिनमें गंगा एक्सप्रेसवे परियोजना में आईआरबी के साथ उसकी भागीदारी और राज्य में ग्रीनको के साथ सहयोग शामिल है। 

सीएम योगी ने डीबीएस ग्रुप की मुख्य कार्यपालक अधिकारी टैन सु शान और उनके वरिष्ठ नेतृत्व दल के साथ भी बैठक की। आधिकारिक बयान में सिंगापुर में टेमासेक के चेयरमैन तेओ ची हीन और उनके दल के साथ हुई बैठक का भी उल्लेख किया गया है। बयान के अनुसार, टेमासेक के पास करीब 400 अरब अमेरिकी डॉलर का वैश्विक खंड है, जिसमें से लगभग 50 अरब अमेरिकी डॉलर भारत में निवेशित हैं। बता दें कि यह 2017 में म्यांमा यात्रा के बाद मुख्यमंत्री की पहली विदेशी यात्रा है। वह 23-24 फरवरी को सिंगापुर और 25-26 फरवरी को जापान में रहेंगे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।