1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. भदोही जिले में 3 लोगों पर अंधाधुंध गोलीबारी, 1 की मौत, दो अस्पताल में भर्ती

भदोही जिले में 3 लोगों पर अंधाधुंध गोलीबारी, 1 की मौत, दो अस्पताल में भर्ती

 Edited By: Subhash Kumar
 Published : May 31, 2024 12:32 pm IST,  Updated : May 31, 2024 01:40 pm IST

गुरुवार की रात उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में अंधाधुंध गोलियां चलने से लोग दहशत में आ गए हैं। इस घटना में शेषधर शुक्ल नाम के व्यक्ति की मौत हो गई है। वहीं, दो अन्य लोग घायल हैं।

भदोही में हत्या। (सांकेतिक फोटो)- India TV Hindi
भदोही में हत्या। (सांकेतिक फोटो) Image Source : ANI/PTI

उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में रात्रि के दौरान हत्या की घटना ने लोगों को दहशत में डाल दिया है। भदोही के एक गांव में पुरानी रंजिश के कारण आधा दर्जन से ज्यादा लोगों ने बाइक सवार तीन लोगों पर अंधाधुंध गोलियां चलाईं। इस घटना में एक शख्स की मौके पर ही मौत हो गई है। वहीं, 2 अन्य लोगों का अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। आइए जानते हैं कि क्या है इस पूरी वारदात की कहानी।

क्या है पूरा मामला?

पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, ये वारदात ज्ञानपुर थाना क्षेत्र के हरिहरपुर शुक्लपुर गांव में गुरुवार की देर रात हुई है। एक बाइक पर सवार होकर शेषधर शुक्ल, राकेश शुक्ल और अवनीश शुक्ल अपने घर लौट रहे थे कि रास्ते में ही हथियारों से लैस आधा दर्जन से ज्यादा हमलावरों ने तीनों पर ताबड़तोड़ गोली बरसा दी। शेषधर शुक्ल की मौके पर मौत हो गयी जबकि दो अन्य घायल हो गए जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। दोनों घायल खतरे से बाहर हैं।

जमीन को लेकर था विवाद

इस वारदात को लेकर पुलिस अधीक्षक ने बताया है कि गांव में ही पंकज शुक्ल और शेषधर शुक्‍ल के बीच जमीन को लेकर विवाद था। पंकज शुक्ल पक्ष के एक व्यक्ति की एक साल पहले हत्या हुई थी जिसका आरोप शेषधर शुक्‍ल पक्ष पर था। इस मामले में इनके 9 लोग जेल में हैं। गुरुवार की देर रात जब शेषधर शुक्‍ल अन्‍य दो लोगों के साथ बाइक से सड़क से गुजर रहे थे तभी पंकज शुक्ल और उसके सहयोगियों ने गोलीबारी की इस वारदात को अंजाम दिया।

7 लोग हिरासत में

पुलिस ने बताया है कि दोनों घायलों से हमलावरों के बारे में जानकारी ली गई। इसके बाद पंकज शुक्ल समेत कुल सात लोगों को हिरासत में ले लिया गया और उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। (इनपुट: भाषा)

ये भी पढ़ें- दिन में चलाता था ओला बाइक, रात में महिलाओं से करता था लूटपाट, पुलिस ने एनकाउंटर के बाद किया अरेस्ट


यूपी के आखिरी चरण में PM मोदी सहित इन 144 उम्मीदवारों की अग्निपरीक्षा, जानें किन प्रत्याशियों पर रहेंगी नजरें

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।