कानपुर: दीपावली और भाईदूज पर मिठाइयों की मांग बढ़ते ही मिलावटखोरों की सक्रियता पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। विभाग की टीम ने दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर करीब 12 क्विंटल 40 किलो दूषित खोया और खराब मिठाई नष्ट कराई। घंटाघर में औरैया से ईको वैन में लाई जा रही 2 क्विंटल 40 किलो खोये की खेप पकड़ी गई, जबकि कोयला नगर की मिठाई निर्माणशाला में 10 क्विंटल खराब और रंगीन मिठाई मिली। दोनों जगह कार्रवाई के बाद खाद्य विभाग ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान लोगों की सेहत से खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा।
गंदे कपड़ों में लपेटकर ला रहे थे 84 हजार का खोया
दरअसल, पहली कार्रवाई घंटाघर में हुई। यहां खाद्य सुरक्षा अधिकारी सोमनाथ कुशवाहा और डॉ. देवेंद्र सिंह आजाद की टीम ने जांच के दौरान औरैया से ईको वैन में लाया जा रहा करीब 2 क्विंटल 40 किलो खोया पकड़ा। इसकी अनुमानित कीमत करीब 84 हजार रुपये बताई गई। खोये को बेहद अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में गंदे कपड़ों में लपेटकर रखा गया था। खाद्य सुरक्षा मानकों के विपरीत स्थिति मिलने पर टीम ने पूरे माल को बिक्री और आमजन के उपभोग से रोक दिया। इसके बाद नगर निगम के डंपिंग यार्ड में ले जाकर खोये को नष्ट करा दिया गया।
गंदगी में बन रही थी मिठाई
वहीं दूसरी कार्रवाई कोयला नगर के स्वर्ण जयंती विहार, देहली सुजानपुर स्थित मिठाई निर्माणशाला में हुई। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने यहां औचक छापा मारा तो निर्माणशाला में बेहद अस्वच्छ और गंदगी भरा माहौल मिला। निरीक्षण के दौरान करीब 10 क्विंटल खराब और रंगीन मिठाई बरामद हुई। इसकी अनुमानित कीमत लगभग दो लाख रुपये बताई गई। टीम ने जनस्वास्थ्य को देखते हुए पूरी मिठाई मौके पर ही नष्ट करा दी।
लैब भेजे गए दो नमूने
छापेमारी के दौरान निर्माणशाला से दो संदिग्ध नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, लैब रिपोर्ट आने के बाद प्रतिष्ठान के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, गंदगी भरे माहौल में मिठाई तैयार किए जाने पर निर्माण कार्य तत्काल बंद करा दिया गया। प्रतिष्ठान का लाइसेंस और पंजीकरण निलंबित करने की संस्तुति भी की गई है।
डीएम के आदेश पर छापेमारी
दीपावली और भाईदूज के मद्देनजर जिलाधिकारी के आदेश पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरी के खिलाफ अभियान तेज किया है। सहायक खाद्य आयुक्त संजय प्रताप सिंह की ओर से गठित टीम ने दोनों स्थानों पर कार्रवाई की। विभाग का कहना है कि त्योहार के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता की जांच के लिए छापेमारी जारी रहेगी। खराब और अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में तैयार खाद्य सामग्री की बिक्री रोकने के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे। (इनपुट- अनुराग श्रीवास्तव)
यह भी पढ़ें-
पश्चिम बंगाल में दो गुटों के बीच झड़प, BJP कार्यकर्ता घायल, अस्पताल में भर्ती