1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. नोएडा में पिटबुल ने चबा डाला युवक का पैर, गंभीर हालत में अस्पताल में कराया गया भर्ती

नोएडा में पिटबुल ने चबा डाला युवक का पैर, गंभीर हालत में अस्पताल में कराया गया भर्ती

 Reported By: Kumar Sonu Edited By: Vineet Kumar Singh
 Published : Mar 04, 2025 08:01 am IST,  Updated : Mar 04, 2025 08:01 am IST

उत्तर प्रदेश के नोएडा में एक पिटबुल डॉग ने युवक पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। डॉग ने युवक के पैर को अपने जबड़ों में फंसा लिया था। युवक को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Pitbull, Pitbull Attack, Pitbull Attack Video, Pitbull Attack Noida- India TV Hindi
नोएडा में पिटबुल के हमले में युवक बुरी तरह घायल हो गया है। Image Source : INDIA TV

गौतम बुद्ध नगर: उत्तर प्रदेश के नोएडा में एक पिटबुल डॉग ने एक युवक पर हमला कर उसे बुरी तरह घायल कर दिया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक डॉग शेल्टर होम में हमले के वक्त पिटबुल इतना खूंखार हो गया था कि उसने युवक के पैर को अपने जबड़ों में फंसा लिया और उसे बुरी तरह चबा डाला। लोगों ने बहुत मुश्किल से युवक को पिटबुल से आजाद कराया लेकिन तब तक वह बुरी तरह घायल हो चुका था। पिटबुल डॉग के हमले में घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसका इलाज चल रहा है।

खून से लथपथ हो गए थे युवक के कपड़े

बता दें कि शेल्टर होम में पिटबुल के हमले का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। इस वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि पिटबुल अपने जबड़े में युवक के पैर को दबाए हुए है और उसे लगातार काटे जा रहा है। उसने युवक के पैर को इतनी बुरी तरह काटा कि उसके कपड़े खून से लथपथ हो गए। बताया जा रहा है कि दिल्ली में रहने वाले एक परिवार ने शादी में जाने की वजह से पिटबुल को नोएडा के सेक्टर 108 में बने डॉग शेल्टर में छोड़ा था। पिटबुल ने इसी डॉग शेल्टर के कर्मचारी पर हमला किया और उसे बुरी तरह घायल कर दिया।

कई देशों में पिटबुल के पालने पर पाबंदी

पिटबुल के हमले के बाद स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत के बाद भी डॉग शेल्टर के मालिक ने ध्यान नहीं दिया।उनका कहना है की कई बार इस शेल्टर होम को लेकर शिकायत की गई है रिहायशी इलाके में इस तरह की शेल्टर होम नहीं चलने चाहिए। बता दें कि पिटबुल प्रजाति के डॉग बेहद आक्रामक होते हैं और अक्सर इनके द्वारा हमलों की खबरें सामने आती रहती हैं। कई मौकों पर तो पिटबुल ने इंसानों पर इतने घातक हमले किए हैं कि पीड़ित की जान तक चली गई है। भारत समेत दुनिया के कई देशों में या तो पिटबुल पूरी तरह बैन है या इसे पालने पर कई तरह की पाबंदी लगाई गई है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।