उत्तर प्रदेश के कानपुर में करोड़पति दवा कारोबारी विनीत मिनोचा हत्याकांड की जांच में पुलिस के सामने एक के बाद एक नए तथ्य सामने आ रहे हैं। हत्या की साजिश में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार कारोबारी की बहू शालू जेल में है। वहीं परिवार के मुताबिक, उसका 5 साल का बेटा मां के जेल जाने के बाद से बेहद परेशान है। परिवार का कहना है कि बच्चा ठीक से खाना नहीं खा रहा है।
बर्थडे पर दादू ने दिया था सरप्राइज, वीडियो में कैद है पूरा पल
पिछले जन्मदिन का एक वीडियो सामने आया है। बताया जा रहा है कि 16 नवंबर 2025 को शालू ने इसे अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट किया था। वीडियो में शालू अपने बेटे के स्कूल से लौटने का इंतजार करती दिखाई देती है। उसने घर को गुब्बारों से सजाया हुआ था। बच्चे के कमरे में केक रखा था। जैसे ही बच्चा कमरे में पहुंचा, बर्थडे सेलिब्रेशन शुरू हुआ। इसी दौरान अचानक विनीत मिनोचा कमरे से बाहर आते हैं। दादा को सामने देखकर बच्चा दौड़कर उनसे लिपट जाता है। इसके बाद शालू बच्चे को कमरे में रखे सरप्राइज की तरफ ले जाती है। वहां सफेद चादर से ढकी एक चीज रखी थी। चादर हटते ही सामने स्पोर्ट्स बाइक थी। यह बाइक दादा ने पोते को गिफ्ट की थी। वीडियो में बच्चे की खुशी साफ दिखाई देती है। परिवार के लिए यही वीडियो अब भावुक कर देने वाला है। क्योंकि जिस दादा ने पोते के पिछले जन्मदिन को यादगार बनाया था, उनकी हत्या हो चुकी है और इस हत्याकांड में बच्चे की मां आरोपी बनकर जेल में है।
सोशल मीडिया पर शालू की अलग तस्वीर, रील्स और फैमिली पोस्ट
पुलिस जांच के बीच शालू की सोशल मीडिया गतिविधियां भी चर्चा में हैं। उसके इंस्टाग्राम अकाउंट पर अलग-अलग मौकों की तस्वीरें और वीडियो पोस्ट किए गए हैं। बताया गया है कि शालू ने Shalu Arora Minocha नाम से अकाउंट बनाया था। इसमें उसके सैकड़ों फॉलोवर हैं। अकाउंट पर बेटे के जन्म से लेकर उसके बर्थडे सेलिब्रेशन तक की पोस्ट दिखाई देती हैं। पति सुब्रत के साथ शादी समारोह, करवाचौथ और दोस्तों के साथ पार्टी की तस्वीरें भी पोस्ट की गई थीं। 16 मार्च 2020 को शालू ने अपनी बैचलर पार्टी की तस्वीरें भी शेयर की थीं। वहीं करवाचौथ पर पति सुब्रत के साथ तस्वीरें पोस्ट की गईं। हालांकि, कारोबारी की हत्या के बाद इन पुरानी पोस्ट पर लोगों की आलोचनात्मक प्रतिक्रियाएं भी देखने को मिल रही हैं।
पुलिस को शालू और विशाल की चैट से मिले अहम सुराग
विनीत मिनोचा हत्याकांड की जांच में पुलिस को कथित रूप से शालू और आरोपी विशाल गौतम के बीच बातचीत की चैट भी मिली है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, दोनों लंबे समय से वॉट्सऐप के जरिए संपर्क में थे। जांच में सामने आया कि शुरुआत में विशाल शालू को गुड मॉर्निंग और गुड नाइट के मैसेज भेजता था, लेकिन शालू जवाब नहीं देती थी। पुलिस के मुताबिक, करीब तीन महीने पहले दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और शालू भी उसे मैसेज करने लगी। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इसी दौरान शालू ने विशाल की तारीफ करनी शुरू की। जांच एजेंसियां अब इस अवधि को हत्या की साजिश से जोड़कर देख रही हैं। हालांकि, हत्या की योजना कब और किस तरह बनी, इसमें किसकी क्या भूमिका थी और चैट का पूरा संदर्भ क्या है, यह जांच और न्यायिक प्रक्रिया में स्पष्ट होगा।
हत्या के बाद चैट डिलीट करने का पुलिस का दावा
पुलिस की शुरुआती कार्यवाही के दौरान सामने आया था के हत्याकांड के बाद विशाल ने सबसे पहले शालू के साथ हुई चैट डिलीट की थी। हालांकि, पुलिस के अनुसार वॉट्सऐप कॉल रिकॉर्ड पूरी तरह डिलीट नहीं हुए और कई बातचीत के रिकॉर्ड मिले हैं। पुलिस का यह भी कहना है कि विशाल का बच्चे से संपर्क था और हत्याकांड वाले दिन भी दोनों के बीच बातचीत हुई थी। जांच में सामने आया है कि हत्या के बाद फ्लैट की डुप्लीकेट चाबी भी आरोपी ने अपार्टमेंट से कुछ दूरी पर फेंक दी थी। पुलिस अब इसे बरामद करने के लिए आरोपी की पुलिस कस्टडी रिमांड लेने की तैयारी कर रही है।
पार्टी में डांस और दूसरी तरफ हत्या की साजिश का आरोप
पुलिस जांच के मुताबिक, जिस समय विनीत मिनोचा की हत्या हुई, उस दौरान शालू पार्टी में मौजूद थी। पुलिस का आरोप है कि हत्या की साजिश पहले से तैयार की गई थी और पार्टी के दौरान वह मोबाइल के जरिए आरोपी विशाल के संपर्क में थी। इस मामले में पुलिस ने शालू समेत आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। अब जांच का फोकस हत्या की पूरी साजिश, आरोपियों के बीच संपर्क, चैट और हत्या के बाद किए गए घटनाक्रम को जोड़ने पर है। फिलहाल पुलिस के कथित दावों और बरामद डिजिटल साक्ष्यों की कानूनी जांच होना बाकी है। मामले में अंतिम सच अदालत में सामने आएगा।
कानपुर से अनुराग श्रीवास्तव की रिपोर्ट
यह भी पढ़ें
मुजफ्फरनगर में भीषण सड़क हादसा, दो बाइक बस से टकराईं, 5 लोगों की मौत