1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. गाजियाबाद में पुलिस ने मुठभेड़ में दो शातिर बदमाशों को किया गिरफ्तार, आरोपियों के पास से चोरी की ज्वेलरी हुई बरामद

गाजियाबाद में पुलिस ने मुठभेड़ में दो शातिर बदमाशों को किया गिरफ्तार, आरोपियों के पास से चोरी की ज्वेलरी हुई बरामद

 Written By: India TV UP Bureau Desk
 Published : Sep 10, 2026 09:58 am IST,  Updated : Sep 10, 2026 09:58 am IST

गाजियाबाद में पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान घरों के ताले तोड़कर नकदी और जेवरात चोरी करने वाले दो शातिर बदमाशों को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के 4700 रुपये के अलावा ज्वेलरी भी बरामद की।

Accused in police custody following an encounter- India TV Hindi
मुठभेड़ के बाद पुलिस की गिरफ्त में आरोपी। Image Source : REPORTER INPUT

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में पुलिस ने दो शातिर बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। अंकुर विहार थाना पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान घरों के ताले तोड़कर नकदी और जेवरात चोरी करने वाले दो शातिर बदमाशों घायल अवस्था में गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक 7 सितंबर को सुंदर विहार, सहदुल्लाबाद क्षेत्र में हुई चोरी की घटना में शामिल बदमाशों के बारे में 9 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस ने क्षेत्र में चेकिंग बढ़ा दी इसी दौरान रामलीला मैदान, गढ़ी कटैया मार्ग पर पुलिस टीम वाहनों की चेकिंग कर रही थी जहां पैशन प्रो बाइक पर सवार दो संदिग्धों को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया लेकिन दोनों बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी और फिर जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी जिसके बाद उनको गिरफ्तार कर लिया गया।

आरोपियों के पास में चोरी की ज्वेलरी और 4700 रुपये हुए बरामद

गाजियाबाद के अंकुर विहार थाना पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किए दोनों शातिर बदमाशों के कब्जे से चोरी के 4700 रुपये, ज्वेलरी, दो अवैध तमंचे .315 बोर, दो जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा आरोपियों के पास से चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी मिले हैं। घायल बदमाशों की पहचान आकिब पुत्र यामीन निवासी मडौरा गांव, थाना सोनीपत, हरियाणा, मूल निवासी लिसाड़ी गांव, थाना लिसाड़ी गेट, मेरठ और ध्यान सिंह पुत्र जुगराज निवासी मधूपुर, थाना भरतना, मैनपुरी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों ने 7 सितंबर की चोरी की घटना में शामिल होना स्वीकार किया। आरोपियों ने यह भी बताया कि उनके दो अन्य साथी इस गिरोह में शामिल हैं, जो फिलहाल फरार हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।

दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे

पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों पर पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं, जिसमें पुलिस के अनुसार आकिब के खिलाफ अंकुर विहार थाने में नकबजनी और दिल्ली में लूट का मुकदमा दर्ज है। वहीं ध्यान सिंह के खिलाफ अंकुर विहार थाने में नकबजनी, दिल्ली में हत्या के प्रयास और एनडीपीएस एक्ट तथा मेरठ में पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस दोनों आरोपियों के खिलाफ अन्य आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है। मुठभेड़ में घायल दोनों आरोपियों को प्राथमिक इलाज के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं इससे पहले 9 सितंबर को गाजियाबाद पुलिस ने दो शातिर वाहन चोरों को भी गिरफ्तार किया था, जिनके पास से चोरी की ब्रेजा कार बरामद हुई थी।

(रिपोर्ट - जुबैर अख्तर)

ये भी पढ़ें

मुजफ्फरनगर में भीषण सड़क हादसा, दो बाइक बस से टकराईं, 5 लोगों की मौत

VIDEO: ससुर की हत्या के वक्त 'तुम तो धोखेबाज हो' गाने पर डांस कर रही थी बहू शालू, फोन पर हत्यारों को गाइड करने का आरोप

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।