1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यूपी के प्रतापगढ़ में रील के लिए तलवार से काटा केक, सड़क पर खतरनाक स्टंट करना पड़ा भारी

यूपी के प्रतापगढ़ में रील के लिए तलवार से काटा केक, सड़क पर खतरनाक स्टंट करना पड़ा भारी

 Written By: India TV UP Bureau Desk
 Published : Aug 30, 2026 04:05 pm IST,  Updated : Aug 30, 2026 04:05 pm IST

इंटरनेट पर वायरल होने का जुनून अब युवाओं को कानून की चौखट तक पहुंचा रहा है। हथिगवां थाना क्षेत्र में जन्मदिन के जश्न का ऐसा ही वीडियो सामने आया, जिसमें पहले कार की बोनट पर तलवार से केक काटा गया और इसके बाद सड़क घेरकर वाहनों से खतरनाक स्टंटबाजी की गई।

Cake Cutting- India TV Hindi
प्रतापगढ़ में रील के लिए तलवार से काटा केक Image Source : REPORTER INPUT

प्रतापगढ़ में जन्मदिन को यादगार बनाने की चाह दो युवकों को भारी पड़ गई। बर्थडे केक काटने के लिए तलवार का इस्तेमाल किया गया, फिर सड़क को कथित तौर पर वाहनों से घेरकर स्टंटबाजी की गई। कार की छत पर खड़े होकर बनाई गई रील जैसे ही सोशल मीडिया पर वायरल हुई, पुलिस हरकत में आ गई। अब इस मामले में दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

तलवार के काटा जन्मदिन का केक

मामला प्रतापगढ़ के हथिगवां थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक, महेवा मोहनपुर निवासी आकाश पासी का 27 अगस्त 2026 को जन्मदिन था। इस मौके पर उसका भाई विकास पासी और अन्य साथी जश्न मनाने के लिए एक बाग में एकत्र हुए थे। बताया जा रहा है कि यहां कार की बोनट पर केक रखा गया और उसे तलवार से काटकर जन्मदिन मनाया गया। इसके बाद जश्न बाग से निकलकर सड़क तक पहुंच गया। आरोप है कि पुरनेमऊ-बेंती मार्ग पर कई वाहनों को खड़ा कर रास्ते को घेर लिया गया और कारों व दोपहिया वाहनों से खतरनाक स्टंट किए गए।

इस दौरान आकाश और विकास कार की छत पर खड़े होकर वीडियो और रील बनाते नजर आए। सड़क पर हो रही इस गतिविधि से राहगीरों की आवाजाही भी प्रभावित हुई। स्टंट और जन्मदिन के जश्न का वीडियो इंस्टाग्राम पर सामने आने के बाद पुलिस को इसकी जानकारी मिली।

दोनों आरोपी गिरफ्तार

वीडियो की जांच और अन्य जानकारियां जुटाने के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने आकाश पासी और विकास पासी समेत कार के अज्ञात चालक तथा कई अज्ञात दोपहिया वाहन चालकों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में हथिगवां थाना प्रभारी सत्येन्द्र सिंह की टीम ने मुखबिर की सूचना पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य लोगों और वाहनों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

पुलिस ने युवाओं से सोशल मीडिया पर लोकप्रिय होने के लिए इस तरह के खतरनाक कदम न उठाने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि कुछ सेकेंड की रील और लाइक-कमेंट की चाह में की गई स्टंटबाजी न सिर्फ कानून का उल्लंघन है, बल्कि खुद के साथ सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की जान को भी खतरे में डाल सकती है।

(रिपोर्ट: बृजेश मिश्रा)

यह भी पढें:

यूपी: 7 साल की बच्ची को जबड़े में दबाकर भाग रहे तेंदुआ से भिड़ गई मां, बहादुरी दिखाते हुए बचाई जान

फतेहपुर में सनसनी, जमीन विवाद में आधी रात को चली गोलियां, एक की मौत से दहला पूरा गांव

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।