1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. प्रयागराज फायरिंग: मृतक उमेश पाल का हुआ पोस्टमार्टम, रिपोर्ट में हुआ ये बड़ा खुलासा

प्रयागराज फायरिंग: मृतक उमेश पाल का हुआ पोस्टमार्टम, रिपोर्ट में हुआ ये बड़ा खुलासा

 Reported By: Imran Laeek Written By: Sudhanshu Gaur
 Published : Feb 25, 2023 09:24 pm IST,  Updated : Feb 25, 2023 11:46 pm IST

शुक्रवार को बीएसपी विधायक राजूपाल हत्याकांड के मुख्य गवाह उमेश पाल की प्रयागराज में दिनदिहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले को लेकर आज विधानसभा में भी जमकर हंगाम हुआ।

 Umesh Pal- India TV Hindi
मृतक उमेश पाल Image Source : FILE

प्रयागराज: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में शुक्रवार को हुए गोलीकांड में मृतक उमेश पाल का पोस्टमार्टम शनिवार को किया गया। इस रिपोर्ट में बड़ा खुलासा हुआ है। रिपोर्ट में बताया गया है कि हमलावरों ने जो ताबड़तोड़ फायरिंग की थी, उसमें से उमेश पाल को 7 गोलियां लगी थीं। जिसमें से 6 गोली उमेश पाल के शरीर को पार कर गईं और एक गोली उमेश पाल के शरीर के अंदर मिली है। पोस्टमार्टम के दौरान डॉक्टरों की टीम ने एक्स-रे के जरिए शरीर में फंसी गोली का पता लगाया है। इसके साथ ही शरीर में कुल 13 जगह चोट लगने की बात सामने आई है। रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि मृतक उमेश पाल को सभी गोलियां पिस्टल से मारी गईं। बता दें कि घटनास्थल पर पुलिस को 9 एमएम की पिस्टल के खोखे मौके पर मिले थे।

सदन में जमकर हुआ हंगामा 

वहीं इससे पहले आज विधानसभा में इस हत्याकांड का मु्द्दा उठा। अखिलेश यादव ने इस मुद्दे को उठाया। इस पर जवाब देते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत सरकार काम करती रहेगी। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि क्या ये सच नहीं है कि समाजवादी पार्टी ने अतीक अहमद को टिकट देकर सांसद बनाया था? उन्होंने कहा कि अतीक अहमद समाजवादी पार्टी का पोषित माफिया रहा है और हमारी सरकार माफियाओं को मिट्टी में मिला देगी।

सदन में फूटा सीएम योगी का गुस्सा

अखिलेश यादव ने जब सदन में इस मुद्दे को उठाया तो जवाब देते समय सीएम योगी का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने कहा-' ये जो अपराधी और माफिया हैं आखिर ये पाले किसके द्वारा गए हैं? क्या ये सच नहीं है कि जिसके खिलाफ FIR दर्ज है उन्हें सपा ने सांसद बनाया था? आप अपराधी को पालेंगे और उसके बाद आप तमाशा बनाते हैं। हम इस माफिया को मिट्टी में मिला देंगे। सीएम योगी ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने ऐसे सांपों को पाला। सपा से वह सांसद और विधायक बना। समाजवादी पार्टी की चोरी भी और सीनजोरी भी की नीति नहीं चलेगी। सीएम योगी ने कहा कि  जिन पेशेवर माफियाओं के सामने सरकारें नतमस्तक होती थी उनके खिलाफ सरकार ने जो कार्रवाई की है वो एक नजीर बनी है।'

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।