उत्तर प्रदेश के संभल जिले की शाही ईदगाह में सोमवार सुबह नौ बजे ईद-उल-फित्र की नमाज अदा की जाएगी। उप जिलाधिकारी वंदना मिश्रा ने शाही ईदगाह का दौरा करके तैयारियों का जायजा लिया। शाही ईदगाह के इमाम हजरत गाजी अशरफ हमीदी ने रविवार को बताया कि शाही ईदगाह में ईद-उल-फित्र की नमाज सुबह नौ बजे अदा की जाएगी। इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
ईदगाह का दौरा कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा
संभल की उपजिलाधिकारी वंदना मिश्रा ने कहा कि कल ईद के मद्देनजर उन्होंने ईदगाह का दौरा किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि नमाज के लिए साफ-सफाई और बाकी व्यवस्था को देखने के लिए आज वह अपनी टीम के साथ आई थीं।
सफाई और पेयजल की खास व्यवस्था
नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी मणिभूषण तिवारी ने कहा कि नगर पालिका परिषद ईद के त्योहार को लेकर पूरी तरह मुस्तैद है। सभी मस्जिदों में भी सफाई तथा पेयजल की व्यवस्था के लिए पानी के टैंकर लाये गए हैं।
यूपी के सभी जिलों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
उत्तर प्रदेश में ईद की नमाज के लिए सुरक्षा तैयारियां, हर साल की तरह इस बार भी व्यापक स्तर पर की गई हैं। सोमवार को ईद मनाई जाएगी। ईद की नमाज के लिए बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग मस्जिदों में इकट्ठा होंगे। इसको लेकर प्रशासन ने जिले स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था की खास तैयारियां की हैं।
(भाषा के इनपुट के साथ)