1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. जेल में बंद कैदियों ने महाकुंभ के पानी से किया स्नान, गंगा मईया की जय के लगाए नारे, दिखा उत्साह

जेल में बंद कैदियों ने महाकुंभ के पानी से किया स्नान, गंगा मईया की जय के लगाए नारे, दिखा उत्साह

 Reported By: Vishal Pratap Singh Edited By: Avinash Rai
 Published : Feb 21, 2025 04:10 pm IST,  Updated : Feb 21, 2025 04:20 pm IST

उत्तर प्रदेश की 75 जेलों में बंद कैदियों ने महाकुंभ के जल से आज स्नान किया। इस दौरान कैदियों में उत्साह देखने को मिला और कैदियों ने गंगा मईया की जय के नारे भी लगाए।

Prisoners in UP jail took bath in the water of Maha Kumbh shouted slogans of Ganga Maiya ki Jai show- India TV Hindi
जेल में बंद कैदियों ने महाकुंभ के पानी से किया स्नान Image Source : INDIA TV

उत्तर प्रदेश की 75 जेलों में बंद कैदियों ने प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ में संगम से लाए गए जल से स्नान किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उत्तर प्रदेश जेल प्रशासन ने इसके लिए व्यवस्था की और प्रयागराज के संगम से जल को राज्य भर की 75 जेलों में पहुंचाया। प्रदेश सरकार में जेल मंत्री दारा सिंह चौहान ने लखनऊ जेल में कार्यक्रम की देखरेख की। उन्होंने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, “मुझे लगा कि दुनिया भर के लोग संगम तक पहुंच सकते हैं लेकिन हमारी जेल के कैदी ऐसा नहीं कर सकते। इसलिए हमने जेल में अपने कैदियों के लिए व्यवस्था करने का फैसला किया।” जेल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि राज्य भर में सात केंद्रीय जेलों सहित 75 जेलों में वर्तमान में 90,000 से अधिक कैदी बंद हैं। 

क्या बोले जेल महानिदेशक पीवी रामाशास्त्री

जेल महानिदेशक (डीजी) पीवी रामाशास्त्री ने बताया कि संगम से जल सभी जेलों में लाया गया और सामान्य पानी के साथ मिलाकर जेल परिसर के भीतर एक छोटे से टैंक में संग्रहित किया गया। अधिकारियों ने बताया कि कैदियों ने स्वेच्छा से प्रार्थना के बाद पानी से स्नान किया। मेरठ जेल के अधीक्षक वीआर शर्मा ने बताया कि उत्तर प्रदेश के कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान के निर्देश पर संगम नगरी प्रयागराज से गंगा जल मंगवाकर जेल परिसर में एक छोटा स्नानागार बनवाया गया है, जिसमें पानी भरा गया। शर्मा ने बताया कि मटके में प्रयागराज से लाये गए जल को उसमें मिलाकर उस जल से जेल में बंद कैदियों ने स्नान किया। उन्होंने बताया कि इस आयोजन से कई कैदियों ने संकल्प लिया कि वे भविष्य में समाज सेवा में अपना जीवन समर्पित करेंगे और सकारात्मक कार्यों से जुड़ेंगे। 

कैदियों में दिखा उत्साह

जेल अधीक्षक ने बताया कि महाकुंभ का लाभ हमारे जेल में बंद कैदियों को भी मिले, इस उद्देश्य से हमने प्रयागराज से गंगा का जल मंगवाया है। उन्होंने बताया कि विधि-विधान से पंडितों के सानिध्य में मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना कर जल को जेल की हौज में डाला गया ताकि उस हौद के पानी से जेल में बंद समस्त कैदी कुंभ स्नान का लाभ ले सकें। अधीक्षक ने बताया कि जेल प्रशासन की इस पहल से जहां कैदियों में खुशी का ठिकाना नहीं रहा, वहीं हर तरफ कैदियों के लिए किए गए इस कार्य की जमकर सराहना भी हो रही है। उन्होंने बताया कि जेल प्रशासन द्वारा यह आयोजन कैदियों को धर्म, अध्यात्म और सनातन संस्कृति से जोड़ने के उद्देश्य से किया गया। 

गंगा मैया की जय के लगाए गए नारे

बागपत जिला कारागार के प्रभारी उपजेल अधीक्षक प्रशांत कुमार ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि उत्तर प्रदेश शासन एवं कारागार मुख्यालय के निर्देशानुसार आज (शुक्रवार) पूर्वाबह्न करीब 10 बजे प्रयागराज महाकुंभ से अमृत कलश में लाये गये पवित्र जल से पूजन के बाद बागपत जेल में बंद सभी कैदियों को स्नान कराया गया। उन्होंने बताया कि कैदियों ने अति उत्साह के साथ ‘गंगा मैया की जय’ और ‘महाकुंभ स्मरित रहे’ के जयघोष के साथ स्नान किया और इस के लिए उत्तर प्रदेश सरकार तथा जिला कारागार प्रशासन का आभार जताया। कुमार ने बताया कि कैदियों के स्नान के लिए जेल परिसर में एक हौद तैयार कर उसमें पानी भरा गया और मटके में लाए गए जल को मिलाया गया। उन्होंने बताया कि इसी जल से बंदियों द्वारा संगम के जल से सामूहिक रूप से एक साथ स्नान किया गया, जिससे बंदियों में उत्साह है। 

(इनपुट-भाषा के साथ)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।