1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. 'आर्थिक तूफान के लिए रहें तैयार, मुश्किल समय आने वाला है', राहुल गांधी ने युवाओं-किसानों को चेताया

'आर्थिक तूफान के लिए रहें तैयार, मुश्किल समय आने वाला है', राहुल गांधी ने युवाओं-किसानों को चेताया

 Edited By: Mangal Yadav @MangalyYadav
 Published : May 19, 2026 06:35 pm IST,  Updated : May 19, 2026 06:46 pm IST

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने मंगलवार को भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जब तक मौजूदा सरकार नहीं बदलती, महंगाई बढ़ती रहेगी।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी - India TV Hindi
कांग्रेस नेता राहुल गांधी Image Source : PTI

रायबरेलीः लोकसभा में विपक्ष के नेता और सीनियर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर आर्थिक मुद्दे पर विफल रहने का आरोप लगाया है। रायबरेली में राहुल गांधी ने कहा कि अब जो आर्थिक तूफान (मंदी) आने वाला है, उसका झटका किसानों, युवाओं और छोटे व्यापारियों को लगेगा। उन्होंने कहा कि "बहुत-बहुत मुश्किल समय आने वाला है ''। आर्थिक झटका इस तरह से लगेगा, जैसा पिछले कई सालों में नहीं हुआ है।'' 

पश्चिम एशियाई संकट का जिक्र करते हुए राहुल गांधी ने कहा, ''ईरान और अमेरिका के बीच युद्ध छिड़ गया। इस संघर्ष के दौरान, ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य पर कब्जा कर लिया जो एक रणनीतिक स्थान है। वहां से दुनिया के तेल का एक बड़ा हिस्सा गुजरता है। ईरान ने घोषणा की कि वह होर्मुज जलडमरूमध्य पर अपनी पकड़ नहीं छोड़ेगा। परिणामस्वरूप पूरी दुनिया अब तेजी से तेल, उर्वरक और डीजल की गंभीर कमी का सामना करने लगी है।

राहुल गांधी ने युवाओं-किसानों और व्यापारियों को चेताया

उन्होंने कहा, "दुख की बात यह है कि एक भयंकर आर्थिक तूफान आ रहा है, जिसे कोई नहीं रोक सकता, ऐसा तूफान हमने अपने जीवन में कभी नहीं देखा। लोगों से सवाल करते हुए उन्होंने पूछा कि नुकसान किसका होगा? और उन्होंने जवाब दिया, "न तो अंबानी का होगा और न ही अडाणी का। नुकसान भारत के किसानों, मजदूरों, युवाओं, छोटे व्यापारियों और रोजगार पैदा करने वाले छोटे उद्योगों का होगा।"

पीएम मोदी पर साधा निशाना

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी पर तंज कसते हुए राहुल गांधी ने कहा कि कार्रवाई करने के बजाय वह देश से कह रहे हैं कि विदेश यात्राओं पर न जाएं और खुद पूरी दुनिया के चक्कर काट रहे हैं। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी देश से सोना न खरीदने, इलेक्ट्रिक वाहनों का इस्तेमाल करने और विदेश यात्रा से बचने का आग्रह करते हैं, लेकिन इसके तुरंत बाद ही वह विदेश यात्रा पर निकल जाते हैं। राहुल गांधी ने अपने चुनाव क्षेत्र रायबरेली में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा, "जनता को जागना होगा और जागरूक होना होगा। जब तक आप इस सरकार को नहीं बदलेंगे, यह देश नहीं बचेगा। 

कांग्रेस नेता ने चेतावनी दी कि लोगों में जागरूकता की कमी से MGNREGA जैसे ग्रामीण सामाजिक सुरक्षा कार्यक्रम पूरी तरह खत्म हो जाएंगे और छोटे किसान आर्थिक रूप से बर्बाद हो जाएंगे, जबकि देश के बड़े नेता कॉर्पोरेट सोशल इवेंट्स में शामिल होने पर ध्यान दे रहे हैं।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।