राम मंदिर ट्रस्ट के कार्यकारी महासचिव कृष्ण मोहन स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की अयोध्या शाखा पहुंचे, जहां देर रात तक बैंक के लॉकर में रखी गई कीमती धातुओं सोना, चांदी और अन्य बहुमूल्य वस्तुओं का निरीक्षण किया गया। इस दौरान इन धातुओं की फोटोग्राफी और सूची भी तैयार की गई। बताया जा रहा है कि ट्रस्ट के फोटोग्राफर भी उनके साथ मौजूद थे।
पिछले दिनों से हो रहा सत्यापन का काम
सूत्रों के अनुसार, पिछले तीन दिनों से अयोध्या स्थित एसबीआई शाखा में मंदिर के चढ़ावे से जुड़ी कीमती धातुओं का सत्यापन और दस्तावेजीकरण किया जा रहा है। बैंक लॉकर में रखे सोना, चांदी और अन्य बहुमूल्य धातुओं के साथ संबंधित लेजर रिकॉर्ड का भी अवलोकन किया गया।
नई SIT पहुंचने वाली है अयोध्या
यह गतिविधि ऐसे समय में सामने आई है, जब राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले के बाद सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर गठित नई एसआईटी के अयोध्या पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। माना जा रहा है कि टीम के आगमन से पहले बैंक में रखी कीमती धातुओं की सूची और रिकॉर्ड को व्यवस्थित किया जा रहा है। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक तौर पर कोई पुष्टि नहीं हुई है।
SIT बढ़ाएगी जांच का दायरा
राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी की जांच के लिए गठित दूसरी विशेष जांच टीम (SIT) अपनी जांच का दायरा बढ़ाएगी। सूत्रों ने बताया कि जांच में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के कामकाज के कई पहलुओं को शामिल किया जाएगा और इसमें फोरेंसिक विशेषज्ञों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
अतिरिक्त दस्तावेज मांग सकती है SIT
सूत्रों के मुताबिक, लखनऊ परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) किरण एस.के नेतृत्व वाली एसआईटी अतिरिक्त दस्तावेज मांग सकती है और भक्तों के चढ़ावे के कथित दुरुपयोग से जुड़े साक्ष्यों का नए सिरे से विश्लेषण कर सकती है। टीम के जल्द ही अयोध्या पहुंचने की संभावना है।
SIT की टीम में ये अधिकारी हैं शामिल
सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद गठित एसआईटी में अयोध्या परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक (DIG) सोमेन वर्मा और अयोध्या के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) गौरव ग्रोवर भी शामिल हैं। जांच में एक फोरेंसिक ऑडिटर और एक अन्य विशेषज्ञ को भी शामिल किया गया है।
अखंड सिंह की रिपोर्ट
ये भी पढ़ें: