1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. प्यार के लिए रच डाला कांड! प्रेमिका के घरवालों को फंसाने के लिए की खुद की फेक किडनैपिंग, खुल गई पोल

प्यार के लिए रच डाला कांड! प्रेमिका के घरवालों को फंसाने के लिए की खुद की फेक किडनैपिंग, खुल गई पोल

 Edited By: Vinay Trivedi
 Published : Apr 08, 2026 05:42 pm IST,  Updated : Apr 08, 2026 05:42 pm IST

Fake Kidnapping In Rampur: रामपुर में एक युवक ने अपनी प्रेमिका के घरवालों को फंसाने के लिए फेक किडनैपिंग की साजिश रची। जानिए पुलिस ने उसे कैसे पकड़ लिया।

Rampur Fake Kidnapping Case- India TV Hindi
रामपुर में युवक ने रचा खुद के अपहरण का झूठा ड्रामा। Image Source : REPORTERS INPUT

Rampur Fake Kidnaping Case: यूपी के रामपुर जिले के थाना स्वार क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने अपनी प्रेमिका के परिजनों को फंसाने के लिए खुद के अपहरण की झूठी साजिश रच डाली। पुलिस ने मामले का सफल खुलासा करते हुए युवक सहित उसके एक साथी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, अलीनगर जागीर निवासी मोहम्मद हासिम के पिता ने 1 अप्रैल 2026 को थाना स्वार में प्रार्थना पत्र देकर बताया था कि उनका बेटा 31 मार्च की रात से लापता है। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं चल सका, जिस पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू की थी।

प्रेमिका से शादी के लिए रची साजिश

फिर मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर थाना स्वार पुलिस ने सर्विलांस और तकनीकी संसाधनों की मदद से जांच तेज की। इसी क्रम में 7 अप्रैल 2026 को पुलिस ने हासिम को मुरादाबाद के दलपतपुर टोल प्लाजा के पास से बरामद कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि हासिम का पिछले तीन साल से एक युवती से प्रेम संबंध था और वह उससे शादी करना चाहता था। लेकिन युवती के परिजन इस रिश्ते के खिलाफ थे। इसी वजह से हासिम ने अपने दोस्त रेहान के साथ मिलकर एक साजिश रची।

पुलिस को दी झूठी खबर

योजना के तहत दोनों ने खुद के अपहरण की झूठी कहानी बनाई और 31 मार्च को यूपी-112 पर कॉल कर सूचना दी कि कुछ लोग हथियार लेकर उसका पीछा कर रहे हैं और अपहरण करने की कोशिश कर रहे हैं। इसके बाद हासिम ने अपने घरवालों को व्हाट्सऐप ऑडियो और मैसेज भेजकर फिरौती की मांग भी की, ताकि प्रेमिका के परिजनों को इस मामले में फंसाया जा सके।

पकड़ा गया हासिम और उसका साथी रेहान

पुलिस ने जांच में इस पूरे षड्यंत्र का खुलासा करते हुए हासिम और उसके साथी रेहान को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ थाना स्वार में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस मामले के खुलासे के बाद पुलिस ने साफ किया है कि कानून को गुमराह करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि इस तरह की झूठी सूचनाएं न दें, क्योंकि इससे आपात सेवाओं का दुरुपयोग होता है और असली जरूरतमंदों को समय पर मदद नहीं मिल पाती।

(इनपुट- सय्यद आमिर)

ये भी पढ़ें- अब दंगाइयों और बलवाइयों की खैर नहीं, कानपुर पुलिस ने तैयार किया 'ब्लैक हॉक' दस्ता, जानें क्या होगी इसकी खूबियां

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।