1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. बिजनौर: सड़क हादसे में अधीक्षण अभियंता समेत दो की मौत, नीलगाय से टकराई कार

बिजनौर: सड़क हादसे में अधीक्षण अभियंता समेत दो की मौत, नीलगाय से टकराई कार

 Published : Feb 16, 2025 11:54 am IST,  Updated : Feb 16, 2025 11:54 am IST

अधीक्षण अभियंता संजीव वर्मा अपने ड्राइवर शादाब के साथ कार से नूरपुर से लौट रहे थे, तभी चांदपुर में बिराल के पास एक नील गाय कार से टकरा गयी जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

Representative Image- India TV Hindi
प्रतीकात्मक तस्वीर Image Source : FILE

बिजनौर (उप्र): बिजनौर जिले के चांदपुर इलाके में सड़क हादसे में बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता समेत दो व्यक्तियों की मौत हो गयी। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। चांदपुर के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) राजेश सिंह ने बताया कि शनिवार देर शाम मेरठ उर्जा भवन से संबद्ध अधीक्षण अभियंता संजीव वर्मा (50) चालक शादाब (30) के साथ कार से नूरपुर से लौट रहे थे, तभी चांदपुर में बिराल के पास एक नील गाय कार से टकरा गयी जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सिंह ने बताया कि दोनों को अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हाथरस में कार और ट्रक की टक्कर, दो लोगों की मौत 

हाथरस जिले के सिकंदराराऊ क्षेत्र में शनिवार को एक कार के ट्रक से टकराने के कारण दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। क्षेत्राधिकारी श्यामवीर सिंह ने बताया कि यह घटना रात करीब आठ बजे एटा मार्ग पर टोली गांव के पास हुई। उन्होंने बताया कि सिकंदराराऊ से एटा की ओर जा रही एक कार अनियंत्रित होकर सड़क के डिवाइडर को पार कर विपरीत लेन में जा घुसी। कार विपरीत दिशा से एटा की ओर जा रहे एक कंटेनर ट्रक से टकरा गई। सिंह ने बताया कि इस घटना में कार सवार दो लोगों सचिन (27) और राहुल (26) की मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने बताया कि शवों को बाद में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

बस ने मोटरसाइकिल को मारी टक्कर

लखीमपुर जिले में शनिवार सुबह सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गयी। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि हादसा फूलबेहड़ थाना क्षेत्र के खैया गांव के पास हुआ जब अवधेश (42) अपनी पत्नी मीना (40), मां गीता (53) और बेटे रोहित (11) के साथ मोटरसाइकिल पर कहीं जा रहे थे। धौरहरा के पुलिस क्षेत्राधिकारी पीपी सिंह ने बताया कि खैया गांव के पास एक तेज रफ्तार बस ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी जिससे सभी घायल हो गए। उन्होंने बताया कि पुलिस ने चारों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने अवधेश, मीना और गीता को मृत घोषित कर दिया। जबकि गंभीर रूप से घायल रोहित का उपचार किया जा रहा है। सिंह ने बताया कि रोहित को लखनऊ रेफर कर दिया गया है और दुर्घटना के संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।