1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. हापुड़ में खनन माफियाओं का विरोध करने पर RSS कार्यकर्ता को ट्रैक्टर से कुचला

हापुड़ में खनन माफियाओं का विरोध करने पर RSS कार्यकर्ता को ट्रैक्टर से कुचला

 Written By: India TV UP Bureau Desk
 Published : Sep 01, 2026 08:41 pm IST,  Updated : Sep 01, 2026 08:41 pm IST

हापुड़ के हाफिजपुर थाना क्षेत्र में ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से 35 साल के RSS कार्यकर्ता सतीश की मौत हो गई।

Hapur- India TV Hindi
हापुड़ में RSS कार्यकर्ता को ट्रैक्टर से कुचला Image Source : REPORTER INPUT

हापुड़ में अवैध मिट्टी खनन ने एक परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। हाफिजपुर थाना क्षेत्र के गांव महमूदपुर में ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से 35 साल के RSS कार्यकर्ता सतीश गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। परिजनों ने इसे महज सड़क हादसा मानने से इनकार करते हुए हत्या का आरोप लगाया है।

परिवार का कहना है कि सतीश इलाके में हो रहे अवैध मिट्टी खनन का विरोध करते थे। आरोप है कि खनन में लगी ट्रैक्टर-ट्रॉली के चालक कलीम ने उनके घर के बाहर उन्हें टक्कर मारी और कई मीटर तक घसीटते हुए ले गया। घटना के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर मौके से निकलने की कोशिश करने लगा। बताया जा रहा है कि भागने के दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली पास के गांव में अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई। इस हादसे में चालक कलीम भी घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

4 महीने से खनन की शिकायत का दावा

सतीश की मौत के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में पिछले करीब चार महीनों से कथित रूप से अवैध मिट्टी खनन चल रहा था। उनका कहना है कि तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और खनन गतिविधियों की शिकायत प्रशासन से कई बार की गई, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।

मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि सतीश पहले भी ट्रैक्टर चालकों को तेज गति से वाहन न चलाने और खनन गतिविधियों को लेकर आपत्ति जता चुके थे। इसी वजह से उन्होंने इस घटना को एक सोची-समझी साजिश के तहत हत्या बताया है। हालांकि, पुलिस की ओर से मामले में अभी जांच जारी है और घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली कब्जे में ली

ASP हापुड़ विनीत भटनागर के अनुसार, पुलिस को पहले सूचना मिली थी कि कलीम नामक व्यक्ति की ट्रैक्टर-ट्रॉली पास के गांव में पलट गई है और वह घायल हो गया है। पुलिस के मौके पर पहुंचने पर जानकारी मिली कि उसी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने इससे पहले गांव महमूदपुर में अपने घर के बाहर खड़े सतीश को टक्कर मारी थी।

पुलिस अधिकारी के मुताबिक, हादसे में गंभीर रूप से घायल सतीश ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। ट्रैक्टर चालक भी घायल है और अस्पताल में उसका उपचार चल रहा है। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया है। शव का पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी साक्ष्यों और तथ्यों की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

(रिपोर्ट: निशांक शर्मा)

यह भी पढ़ें:

हरदोई में शिकायत की तो शिक्षक ने पीटा! हाथ में फ्रैक्चर, इलाज के दौरान 8वीं की छात्रा की मौत

घर के बरामदे में सो रहा था युवक, अचानक आया जानवर और उठा ले गया, झाड़ियों में मिला आधा खाया शव

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।