1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. चढ़ावा चोरी की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में हो जांच', अयोध्या सांसद की मांग; अखिलेश यादव बोले- 'अलौकिक शक्ति ने दिखाया चमत्कार'

चढ़ावा चोरी की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में हो जांच', अयोध्या सांसद की मांग; अखिलेश यादव बोले- 'अलौकिक शक्ति ने दिखाया चमत्कार'

 Edited By: Mangal Yadav @MangalyYadav
 Published : Jun 27, 2026 07:01 am IST,  Updated : Jun 27, 2026 07:43 am IST

अयोध्या के सांसद अवधेश प्रसाद ने राम मंदिर चढ़ावा चोरी की न्यायिक जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट मामले का स्वतः संज्ञान ले और एक कमेटी बनाए। वहीं अखिलेश यादव ने बीजेपी पर तंज कसा है।

अखिलेश यादव के साथ अवधेश प्रसाद। फाइल- India TV Hindi
अखिलेश यादव के साथ अवधेश प्रसाद। फाइल Image Source : PTI

लखनऊः राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में आरोपियों पर एक्शन के बीच सियासी बयानबाज़ी भी तेज हो गई है। अयोध्या के सांसद और समाजवादी पार्टी के नेता अवधेश प्रसाद ने चढ़ावा चोरी मामले की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जांच की मांग की है। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट से चंपत राय और अनिल मिश्रा के इस्तीफ़े पर प्रतिक्रिया देते हुए अयोध्या के सांसद ने कहा कि यह कोई मामूली मामला नहीं है। यह किसी एक राज्य तक सीमित नहीं है। यह पूरे देश से जुड़ा मामला है। देश भर से लोग भगवान श्री राम के मंदिर के दर्शन करने आते हैं। यह सिर्फ़ साधारण चोरी नहीं है। इसे डकैती कहा जा रहा है।

सपा ने चढ़ावा चोरी की न्यायिक जांच की मांग की

अवधेश प्रसाद ने कहा कि हमारी पार्टी और हमारे नेता अखिलेश यादव ने इस मुद्दे को उजागर किया। हमारी पार्टी ने इस बड़े घोटाले की उच्च-स्तरीय जांच की मांग की है, जिसमें न्यायिक जांच की मांग भी शामिल है। सुप्रीम कोर्ट को खुद इसका संज्ञान लेना चाहिए और एक टीम गठित करनी चाहिए। सपा सांसद ने यह भी कहा कि चंपत राय को जांच शुरू होते ही इस्तीफ़ा दे देना चाहिए था, या असम में जब घोटाला हो रहा था, तभी इस्तीफ़ा दे देना चाहिए था। 

अखिलेश यादव ने कसा बीजेपी पर तंज

वहीं सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने बीजेपी पर बड़ा हमला बोला है। अपने एक्स पोस्ट में अखिलेश ने कहा, ''भाजपा का लंकाकांड, अयोध्या में ही होगा, प्रभु की अलौकिक शक्ति ने अपना चमत्कार दिखा ही दिया। अब अहंकार की चमचमाती लंका के साम्राज्य का भी अंत होगा और ‘लंकाधिपति’ का भी''। 

एक अन्य एक्स पोस्ट में अखिलेश यादव ने कहा, ''वो क्या करेंगे दूध का दूध और पानी का पानी, लालच ने मार दिया है जिनकी आँख का पानी। गणित की पढ़ाई करने का क्या फ़ायदा जब गिनती में ही हेराफेरी हो गई, सोने-चांदी में घटतोली हो गई, ज़ेवरातों की चोरी हो गई। उनके चिराग तले अंधेरा नहीं, भ्रष्टाचार का घोर अंधकार भरा पाताल निकाला''। 

8 आरोपी गिरफ्तार

बता दें कि SIT की जांच और FIR के बाद जहां सभी आठों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी अनिल मिश्रा इस्तीफा दे चुके हैं तो वहीं सभी आरोपियों की कोर्ट में पेशी के दौरान पुलिस ने कोर्ट को बताया कि शुरुआती जांच में सभी के खिलाफ चोरी के सबूत मिले हैं और आठ में से 7 आरोपियों के पास से अब तक करीब 79 लाश 84 हजार रुपये बरामद किए जा चुके हैं। SIT ने इंवेस्टिगेशन के दौरान 27 अप्रैल से 5 जून तक की CCTV फुटेज चेक की। इन 45 दिनों की CCTV फुटेज में सभी आरोपी 70 बार चोरी करते पाए गए हैं। अब इन आरोपियों पर सोमवार को सुनवाई होगी।  

ये भी पढ़ेंः राम मंदिर चढ़ावा चोरी केस में 8 आरोपी न्यायिक हिरासत में, किन धाराओं में दर्ज हुआ केस, क्या है सजा का प्रावधान? जानें

राम मंदिर चढ़ावा चोरी केस में चंपत राय की छुट्टी, ट्रस्ट के सदस्य अनिल मिश्रा ने भी दिया इस्तीफा

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।