1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. गोरखपुर में ज्वैलरी कारोबारी के 10 साल के पोते का शव मिलने से मचा हड़कंप, घर से खेलने के लिए बाहर निकला था

गोरखपुर में ज्वैलरी कारोबारी के 10 साल के पोते का शव मिलने से मचा हड़कंप, घर से खेलने के लिए बाहर निकला था

 Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd
 Published : Jul 28, 2026 03:08 pm IST,  Updated : Jul 28, 2026 03:08 pm IST

यूपी के गोरखपुर में एक ज्वैलरी कारोबारी के 10 साल के पोते का शव मिला है। इस मामले में पड़ोसी टीचर को गिरफ्तार किया गया है और पूछताछ की जा रही है।

Gorakhpur- India TV Hindi
10 साल के पोते का शव मिलने से मचा हड़कंप Image Source : REPORTER INPUT

Highlights

  • गोरखपुर में ज्वैलरी कारोबारी के पोते की हत्या
  • पड़ोसी कंप्यूटर टीचर के घर में मिला शव
  • सोमवार को घर से खेलने निकला था, फिर वापस नहीं लौटा

गोरखपुर: यूपी के गोरखपुर से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक बड़े ज्वैलरी कारोबारी के 10 साल के पोते का शव मिलने से हड़कंप मच गया। बच्चा कल स्कूल से घर लौटने के बाद खेलने के लिए बाहर निकला था और फिर लापता हो गया था।

क्या है पूरा मामला?

गोरखपुर में एक बड़े ज्वैलरी कारोबारी के 10 साल के पोते के कल (सोमवार) रहस्यमय तरीके से लापता होने से सनसनी फैल गई थी। स्कूल से घर लौटने के बाद मासूम खेलने निकला था, लेकिन कुछ ही देर बाद उसकी साइकिल और चप्पल मिली, जबकि बच्चा गायब हो गया था। 

अपहरण की आशंका के बीच पुलिस की पांच टीमें जांच में जुटी हुई थीं, आज उस मासूम का शव पड़ोसी के घर में मिला। पुलिस ने पड़ोसी कंप्यूटर टीचर सर्वेश भट्ट को गिरफ्तार कर लिया गया है, उसने क्यों हत्या की इसकी पूछताछ पुलिस कर रही है।

गोरखपुर के खजनी कस्बे की घटना

घटना गोरखपुर के खजनी कस्बे की है, जहां ज्वैलरी कारोबारी लक्ष्मी नारायण वर्मा के 10 वर्षीय पोते वैभव के कल अचानक लापता होने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया था। चौथी कक्षा में पढ़ने वाला वैभव सोमवार दोपहर करीब डेढ़ बजे स्कूल से घर लौटा। यूनिफॉर्म बदलने के बाद वह साइकिल लेकर खेलने निकल गया।

करीब आधे घंटे बाद एक पड़ोसी ने परिवार को बताया कि वैभव की साइकिल घर के पीछे लावारिस हालत में पड़ी है। परिजन मौके पर पहुंचे तो बच्चा कहीं नहीं मिला। तलाश के दौरान साइकिल से करीब 100 मीटर दूर खाली खेत में उसकी एक चप्पल भी बरामद हुई। इसके बाद परिवार ने अपहरण की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी थी।

कल से सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंच कर आसपास के इलाकों में सघन तलाशी अभियान चलाया। सीसीटीवी फुटेज में दोपहर 2 बजकर 7 मिनट पर वैभव साइकिल से गली में जाता दिखाई देता है, लेकिन इसके बाद उसकी कोई तस्वीर सामने नहीं आई। आज उसका शव पड़ोसी कंप्यूटर टीचर सर्वेश भट्ट के घर के बेसमेंट में मिला है। पुलिस ने पड़ोसी को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे पूछताछ कर रही है।

एसएसपी का सामने आया बयान

एसएसपी डॉक्टर कौस्तुभ ने बताया कि बच्चे की तलाश के लिए पांच विशेष टीमें गठित की गई थीं। आज शव मिला है। साथ में हत्यारोपी पड़ोसी सर्वेश भट्ट को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। 

बता दें कि इससे पहले गोरखपुर में बच्चे की चीख से अफरातफरी मची थी, जब आवाज आई 'मेरा किडनैप हो गया, बचाओ(रिपोर्ट- राज श्रीवास्तव)

ये भी पढ़ें- 

बारात घर से बच्चे का अपहरण, एक साल के मासूम को सुलाकर जयमाला देखने गई थी मां

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।