उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक बारात घर से एक साल के मासूम बच्चे का अपहरण कर लिया गया। पुलिस ने गुरुवार को जानकारी देते हुए बताया कि यह घटना विवाह स्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मामला इस्लामनगर थाना क्षेत्र का है। संभल जिले की रहने वाली शांति देवी बुधवार को अपने एक साल के बेटे सौरभ के साथ बदायूं में एक शादी समारोह में शामिल होने आई थी।
जयमाला देखने गई थी मां
शिकायत के मुताबिक, रात के समय शांति देवी ने अपने बेटे सौरभ को बारात घर के एक कमरे में सुला दिया था। इसके बाद वह कुछ समय के लिए जयमाला की रस्म देखने चली गई। जब वह रस्म खत्म होने के बाद कमरे में वापस लौटी, तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। कमरा से बच्चा गायब था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जब विवाह स्थल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, तो एक अज्ञात महिला संदिग्ध अवस्था में बच्चे को परिसर से बाहर ले जाती हुई दिखाई दी। पुलिस अब इस फुटेज के आधार पर महिला की पहचान करने में जुटी है।
4 टीमें और संदिग्ध वाहन की पहचान
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर है। अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) हृदयेश सिंह कठेरिया ने बताया, "बच्चे का पता लगाने के लिए पुलिस की चार अलग-अलग टीमें तैनात की गई हैं। हमने सीसीटीवी फुटेज के जरिए एक संदिग्ध वाहन और कुछ संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान की है। हमारी टीमें विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर रही हैं और हमें पूरी उम्मीद है कि जल्द ही बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया जाएगा।"
ये भी पढ़ें-
एक ही गोत्र की वजह से शादी के खिलाफ थे परिजन, नाबालिग प्रेमी जोड़े ने पेड़ से लटककर की खुदकुशी
VIDEO: गोवा में अजूबा मंदिर के पास बने लग्ज़री रिजॉर्ट में लगी भीषण आग, करोड़ों की संपत्ति जलकर खाक