उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के लोनी थाना क्षेत्र में एक 15 वर्षीय किशोर ने अपने ही पिता की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। वारदात शनिवार तड़के करीब 3:15 बजे आशियाना सिटी स्थित बुध बाजार में हुई। मृतक की पहचान 58 वर्षीय इरफान अहमद के रूप में हुई है। पुलिस ने नाबालिग आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
झगड़े के बाद पिता ने की थी पिटाई
जानकारी के मुताबिक, घटना से पहले घर में किशोर का अपनी एक बहन से किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। इरफान ने बेटे को पहले डांटा और फिर उसकी पिटाई कर दी। इसी बात से वह नाराज था।पिता की डांट और मारपीट से नाराज किशोर ने रात में सोते समय उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।
सोते समय माथे पर किया वार
इरफान फेरी लगाकर अपना गुज़ारा करते थे। परिवार में उनकी पत्नी और सात बेटियां हैं, जिनमें से पांच की शादी हो चुकी है और दो अविवाहित हैं। शनिवार देर रात इरफान अपनी पत्नी और एक बेटी के साथ कमरे में सो रहे थे, जबकि दूसरी बेटी अलग कमरे में थी। आरोप है कि इसी दौरान बेटे ने धारदार हथियार से सो रहे पिता के माथे पर वार कर दिया। हमले में इरफान गंभीर रूप से घायल हो गए। घर में चीख-पुकार मच गई और परिजनों ने आरोपी को रोक लिया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
एक पड़ोसी ने डायल-112 पर पुलिस को घटना की सूचना दी। परिजन घायल इरफान को तुरंत लोनी के 50 बेड वाले अस्पताल ले गए, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर लोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हत्या में इस्तेमाल हथियार को भी बरामद कर लिया गया है।
बड़ी बहन की तहरीर पर FIR, आरोपी ने कबूला जुर्म
मृतक की बड़ी बेटी चांदनी ने इस मामले में FIR दर्ज कराई है। थाना इंचार्ज योगिंद्र सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पिता की डांट और पिटाई से नाराज़ होकर बेटे द्वारा हत्या किए जाने की बात सामने आई है। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
पूरे मामले पर पुलिस ने क्या कहा?
लोनी के सहायक पुलिस आयुक्त राम किशन ने इस मामले की जानकारी देते हुए बताया कि 7 नवंबर 2026 की सुबह अशोक विहार की रहने वाली चांदनी नाम की महिला ने थाने में सूचना दी कि उनके भाई उमर ने धारदार हथियार से वार करके अपने पिता इरफान की हत्या कर दी है। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। शैक्षणिक दस्तावेजों के मुताबिक आरोपी बालिग है। पुलिस अब आगे की कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे कोर्ट में पेश करने की तैयारी कर रही है। इस मामले की जानकारी लोनी के सहायक पुलिस आयुक्त राम किशन ने दी है।
गाजियाबाद से जुबैर अख्तर की रिपोर्ट
यह भी पढ़ें
बलिया के मंदिर में लूट करने वाले बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़, दो के पैर में लगी गोली, पांच गिरफ्तार
रोड पर चलती महिला को कार चालक ने मारी टक्कर, चली गई जान, चालक फरार