उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में कमलापुर थाना क्षेत्र के पंचपीर गांव में बड़ा हादसा सामने आया है। तीन दिन से लापता तीन लोगों के शव एक कार के अंदर तालाब में मिले हैं। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने SDRF और क्रेन की मदद से सोमवार देर रात कार को तालाब से निकलवाया। तीन कार सवार 25 अक्टूबर से लापता थे।
मालूम हो कि सिधौली कोतवाली क्षेत्र के रहने वालें राकेश चौरसिया अपने साथी और कार चालक के साथ बहराइच बेटे को देखने गए थे, जिसकी एक्सीडेंट होने की सूचना मिली थी। तीनों के शव मिलने के बाद तीनों परिवारों में कोहराम मच गया। पुलिस ने रात में ही शवो का पंचनामा करके पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
नींद आने के चलते हुए हादसा!
यह हादसा कमलापुर थाना क्षेत्र के पंचपीर गांव के पास हुआ। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में कार चालक को नींद आ जाने से हादसा होने की आशंका जताई जा रही है। कार अनियंत्रित होकर सीधे तालाब में जा गिरी और तीनों की डूबने से मौत हो गई।
घायल बेटे को देखने जा रहे थे बहराइच
सिधौली कोतवाली क्षेत्र के सिद्धेश्वर नगर के रहने वाले राकेश चौरसिया को बहराइच में रहने वाले अपने बेटे के सड़क हादसे में घायल हो जाने की सूचना पर अपने साथी रामेंद्र सिंह और कार चालक सतीश के साथ कार से 25 अक्टूबर को बेटे को देखने बहराइच गए हुए थे। लेकिन वह 26 अक्टूबर को वापस घर नहीं आए।
परिजनों ने दर्ज कराई थी गुमशुदगी की रिपोर्ट
बहराइच से वापस लौटते समय तीनों संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए। काफी खोजबीन के बाद भी जब उनका कुछ पता नहीं चला तो परिवार वालों ने सिधौली कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस तीनों की तलाश कर रही थी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज सहित सर्विलांश के माध्यम से तीनों की तलाश शुरू की थी, जिसमें तीनों के मोबाइल की लोकेशन रामपुर कला थाना क्षेत्र के कदुनी तक मिली उसके बाद तीनों की लोकेशन बंद हों गई।
कार का सीसीटीवी फुटेज आया सामने
इसके बाद सिधौली पुलिस ने अपनी जांच तेज कर दी। इसी बीच सिधौली पुलिस को कमलापुर थाना क्षेत्र के पंचपीर गांव के पास तालाब में कार गिरने की जानकारी हुई। इतना ही नहीं रेडियो खेतान फैक्ट्री के सीसीटीवी में राकेश की कार सिधौली की तरफ जाती हुई भी कैद हुई। तालाब में कार के गिरने की सूचना पर सिधौली कोतवाली पुलिस ने लखनऊ से SDRF टीम की मदद ली।
क्रेन को बुलाकर तालाब से निकाली गई कार
सोमवार देर रात कमलापुर थाना क्षेत्र पहुंची SDRF टीम के सदस्यों ने करीब दो बजे रेस्क्यू अभियान शुरू किया और बोट के माध्यम से तालाब में सर्च ऑपरेशन चलाया जिसमें एक कार के पड़े होने की जानकारी मिली। इस पर देर रात को ही क्रेन को बुलवाया गया और क्रेन की मदद से कार को तालाब से बाहर निकाला गया।
कार के अंदर से मिले 3 शव
रेस्क्यू के दौरान कार से तीन लोगों के शव बरामद किए गए। तीनों की पहचान राकेश चौरसिया, रामेंद्र सिंह और सतीश के रूप में हुई। राकेश और रामेन्द्र सिधौली के रहने वाले हैं, जबकि सतीश अटरिया थाना क्षेत्र का रहने वाला है। तीनों के शव मिलने के बाद परिवार में हड़कंप मच गया। रेस्क्यू के दौरान देखते ही देखते लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
पोस्टमार्टम के लिए भेजे तीनों शव
पुलिस अधिकारियों ने मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया। कमलापुर थाना क्षेत्र के आसपास के थानों की पुलिस को भी तैनात कर दिया गया। तीन दिन से लापता तीनों के शव बरामद होने के बाद पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में कार चालक को नींद आ जाने से हादसा होने की आशंका जताई जा रही है। कार अनियंत्रित होकर सीधे तालाब में जा गिरी और तीनों की डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मोहित मिश्रा की रिपोर्ट
ये भी पढ़ें: