Rakesh Rathore Viral Video: यूपी के सीतापुर से कांग्रेस सांसद राकेश राठौर एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। दरअसल, राकेश राठौर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें वह पार्टी कार्यकर्ता को डांटते और चुप कराते नजर आ रहे हैं। इस बीच, युवा कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता वीरेंद्र कुमार उर्फ रिन राज गाडगे ने सोशल मीडिया पर नया वीडियो पोस्ट किया और बताया कि सांसद राकेश राठौर उन्हें ही चुप करा रहे थे। वीरेंद्र कुमार ने ये भी आरोप लगाया कि उन्हें सांसद ने अपशब्द कहे और उनके सुरक्षाकर्मियों ने पीटा।
सांसद को नागवार गुजरा ममता वर्मा के समर्थन का नारा
बता दें कि सीतापुर की सिधौली तहसील में आज (गुरुवार को) कांग्रेस सांसद राकेश राठौर सहित तमाम कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदेश अध्यक्ष अजय राय का स्वागत करने के लिए सिधौली में जमा हुए थे। इस दौरान, एक पार्टी कार्यकर्ता ने सीतापुर की कांग्रेस जिलाध्यक्ष ममता वर्मा के समर्थन में नारा लगा दिया। ये बात कांग्रेस सांसद राकेश राठौर को नागवार गुजरी और वो नारा लगाने वाले पर चिल्लाने लगे। उसे चुप कराने लगे।
युवा कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता ने खुद को बताया डांट खाने वाला शख्स
इसके बाद युवा कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता वीरेंद्र कुमार उर्फ रिन राज गाडगे ने खुद को सांसद से डांट खाने का वाला शख्स बताया। फिर, वीरेंद्र कुमार ने अपना पक्ष रखते हुए वीडियो में कहा कि कांग्रेस सांसद सीतापुर राकेश राठौर ने किसी और को नहीं, बल्कि मुझे ही अपशब्द कह रहे हैं। उत्तर प्रदेश युवा कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता वीरेंद्र कुमार उर्फ रिनराज गाडगे यानी मुझे अपशब्द कह रहे हैं।
कांग्रेस ने सांसद के अपशब्द सुनने के लिए नहीं दिया पद
वीरेंद्र कुमार ने आगे कहा कि कांग्रेस पार्टी ने और यूथ कांग्रेस ने अनुसूचित वर्ग से आने वाले इस आम लड़के को इतनी छोटी सी उम्र में इतनी बड़ी जिम्मेदारी दी है तो क्या ऐसे सांसदों से अपशब्द सुनने के लिए दी है? हमें गरीब-मजलूम लोगों की आवाज उठाने के लिए इस पद पर बैठाया गया है, ना कि ऐसे सांसदों से अपशब्द सुनने के लिए। मुझे अपशब्द सिर्फ इसलिए कहे गए कि मैंने सीतापुर कांग्रेस जिलाध्यक्षा डॉक्टर ममता वर्मा का नारा लगा दिया था। ममता वर्मा जिंदाबाद कह दिया था। इस पर सांसद राकेश राठौर भड़क गए, जैसा कि आप वीडियो में देख सकते हैं।
सांसद के सुरक्षाकर्मियों पर लगाया पीटने का आरोप
युवा कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता वीरेंद्र कुमार ने आगे कहा कि राकेश राठौर ने मुझे अपने पास बुलाकर भी अपशब्द कहे। उनके सुरक्षाकर्मी मुझे पीछे खींच ले गए और मारने लगे। वो भी मुझे अपशब्द कह रहे थे। सांसद राकेश राठौर के सुरक्षाकर्मी ने मुझे पीछे से मुक्का भी मारा। अब सोचिए एक सांसद के साथ के लोग क्या इस तरीके के होते हैं? क्या ऐसे सुरक्षाकर्मी होते हैं कि एक कार्यकर्ता को, कांग्रेस के कार्यकर्ता को अपशब्द कहें क्योंकि उसने जिलाध्यक्ष का नारा लगा दिया था। एक आम से लड़के को कांग्रेस पार्टी ने इतनी बड़ी जिम्मेदारी दी ये मेरे लिए गर्व की बात है। मैं कांग्रेस का हूं लेकिन मैं ऐसे सांसदों का नहीं हूं जो मेरे जैसे कार्यकर्ता को कुछ ना समझते हुए उसको अपशब्द कहते हैं।
कार्यकर्ताओं के लिए अभद्र भाषा नहीं करेंगे बर्दाश्त
उन्होंने सांसद राकेश राठौर पर निशाना साधते हुए आगे कहा कि अरे जरा सोचो जो व्यक्ति संगठन का नहीं है, जो व्यक्ति एक कांग्रेस कार्यकर्ता का नहीं है, वो व्यक्ति जनता का कैसे हो सकता है? ये जवाब सीतापुर सांसद राकेश राठौर को देना होगा। कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के साथ ऐसी अभद्र भाषा और ऐसी चीजें बर्दाश्त बिल्कुल नहीं की जाएंगी। हम भी लोग कांग्रेस के कार्यकर्ता हैं। हमारे नेता राहुल गांधी ने कहा है डरो मत। हम लोग किसी से नहीं डरेंगे चाहे वो मेरा सांसद हो या कोई और सांसद हो।
(इनपुट- मोहित मिश्रा)
ये भी पढ़ें- सांसद राकेश राठौर और कोतवाल में बीच सड़क पर हुई तू-तू मैं-मैं, गुस्साए MP आमरण अनशन पर बैठे; VIDEO वायरल