1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. नशेड़ी पिता ने 11 साल की बेटी को कुएं में लटकाया, हाथ छूटा और हो गई मौत

नशेड़ी पिता ने 11 साल की बेटी को कुएं में लटकाया, हाथ छूटा और हो गई मौत

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Oct 23, 2025 03:53 pm IST,  Updated : Oct 23, 2025 03:53 pm IST

सीतापुर के जगन्नाथपुर गांव में एक नशेड़ी पिता ने अपनी बेटी को कुएं में लटकाकर डराने की कोशिश की। इस दौरान हाथ छूटने से बच्ची की कुएं में गिरकर मौत हो गई।

प्रतीकात्मक फोटो- India TV Hindi
प्रतीकात्मक फोटो Image Source : PIXABAY.COM

उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। जिले के मिसरिख पुलिस थाना क्षेत्र के जगन्नाथपुर गांव में शराब के नशे में एक पिता ने अपनी 11 वर्षीय बेटी को कुएं में लटकाकर डराने की कोशिश की, लेकिन हाथ छूटने की वजह से बच्ची की कुएं में गिरकर मौत हो गई। यह घटना 21 अक्टूबर की देर रात जगन्नाथपुर गांव में हुई।

मिसरिख पुलिस थाने के थाना प्रभारी (एसएचओ) अरविंद सिंह ने गुरुवार को इस घटना की जानकारी दी। थाना प्रभारी अरविंद सिंह ने बताया, "आरोपी श्रवण कुमार शराब पीने का आदी है। वह 21 अक्टूबर की देर रात नशे की हालत में घर आया और उसने अपनी बेटी लक्ष्मी से खाना मांगा।”

बेटी ने कहा- खाना अभी तैयार नहीं

जब बेटी लक्ष्मी ने कहा कि खाना अभी तैयार नहीं है, तो शराबी पिता श्रवण कुमार गुस्से में आ गया। गुस्से में आकर उसने बेटी को डराने के लिए उसे पकड़कर घर के पास स्थित कुएं में लटकाने की कोशिश की। अरविंद सिंह ने आगे बताया, "डराने की कोशिश के दौरान श्रवण का हाथ छूट गया और मासूम बेटी लक्ष्मी कुएं में गिर गई। यह देखकर, पिता श्रवण कुमार भी तुरंत बेटी को बचाने के लिए कुएं में कूद गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।"

पड़ोसियों ने कुएं से बाहर निकाला

हादसे का पता चलने पर पड़ोसियों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर रस्सी का इस्तेमाल करके पिता और पुत्री दोनों को कुएं से बाहर निकाला, लेकिन 11 साल की लक्ष्मी की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने आरोपी पिता श्रवण कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। एसएचओ ने बताया कि आरोपी के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि आरोपी श्रवण कुमार की पत्नी की मृत्यु छह साल पहले हो गई थी। पत्नी की मौत के बाद उसे शराब की बुरी लत लग गई थी और वह अक्सर घर में नशे में हंगामा करता था। इस घटना से पूरे गांव में हड़कंप मच गया है। (इनपुट- भाषा)

ये भी पढ़ें-

देर आए दुरुस्त आए, पहले रार फिर क्यों उमड़ा प्यार, महागठबंधन में कैसे बन गई बात, पढ़ें इनसाइड स्टोरी

सपा कार्यालय के बाहर लगा नया पोस्टर, साइकिल छोड़ ट्रेन में सवार हुए अखिलेश, PDA का नया मतलब भी बताया

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।