Saturday, February 07, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. सीतापुर: दरोगा ने रिश्वत लेकर नहीं किया काम तो ग्रामीण ने जब्त कर ली बाइक, कहा- 'रिश्वत के पैसे लौटाकर ले जाना'

सीतापुर: दरोगा ने रिश्वत लेकर नहीं किया काम तो ग्रामीण ने जब्त कर ली बाइक, कहा- 'रिश्वत के पैसे लौटाकर ले जाना'

गांव के लोगों ने दरोगा से कहा कि रिश्वत के 15 हजार रुपये लौटाने के बाद अपनी बाइक ले जाना। गांव के एक व्यक्ति का आरोप है कि दरोगा ने एक्सिडेंट का मामला रफा-दफा कराने के नाम पर 15 हजार रुपये लिए थे, लेकिन अब और पैसे मांग रहा है।

Edited By: Shakti Singh
Published : Jul 10, 2025 09:33 pm IST, Updated : Jul 10, 2025 09:33 pm IST
Daroga debate- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV दरोगा के साथ बहस करते ग्रामीण

उत्तर प्रदेश के सीतापुर में एक शख्स ने पंचायत में गए दरोगा की बाइक रोक ली। शख्स ने पुलिसकर्मी से कहा कि रिश्वत के नाम पर लिए पैसे लौटाने के बाद अपनी बाइक ले जाए। दरोगा और शख्स के बीच काफी देर तक कहासुनी होती रही। इसी बीच वहीं पर खड़े एक शख्स ने वीडियो बना लिया। वह वीडियो अब सोशल मीडिया पर काफी तेजी के साथ वायरल हो रहा है। हालांकि, लोगों के काफी समझाने के बाद शख्स ने दरोगा की बाइक वापस कर दी।

घटना रेउसा थाना क्षेत्र की है। दीपक मिश्रा अपने ट्रैक्टर से विगत दिनों कही जा रहे थे, जब दीपक मिश्रा तंबौर थाना क्षेत्र में जय हिंद भट्ठे के पास थे तभी अज्ञात पिकअप वाले ने ट्राली में पीछे से टक्कर मार दी। इसके बाद दरोगा श्रीनिवाद, दीपक मिश्रा की ट्रैक्टर ट्राली थाने ले गए। थाने पर पंचायत हुई, जिसमें दरोगा ने किसी प्रकार की कार्रवाई न करने के नाम पर 25 हजार रुपए की मांग की। दीपक मिश्रा ने 15 हजार रुपए दरोगा को दे दिए।

दरोगा पर लगाए गंभीर आरोप

दीपक मिश्रा का आरोप है कि दरोगा श्रीनिवास ने पिकअप में ज्यादा नुकसान होने की बात कहते हुए 40 प्रतिशत गाड़ी बनवाने के नाम पर और रुपए देने की बात कही। इस बात से दीपक मिश्रा नाराज हो गए। गुरुवार को दरोगा श्रीनिवास एक गांव में पंचायत में गए हुए थे। वहां दीपक मिश्रा ने दरोगा की बाइक रोक ली, जिसके बाद दोनों के बीच कहासुनी होने लगी। बात बढ़ने पर दीपक मिश्रा ने कहा कि पहले रुपए दे जाओ फिर गाड़ी ले जाओ। उन्होंने कहा, "15 हजार रुपए घुस के लिए थे उसे वापस कर दो और गाड़ी ले जाओ।"

कानून ही लूट रहा, कार्रवाई कैसे होगी?

दीपक मिश्रा और दरोगा श्रीनिवास के बीच हो रही कहासुनी का वीडियो बना रहे शख्स ने दीपक मिश्रा से जब कानूनी कार्रवाई करने की बात कही तो वहां पर मौजूद शख्स ने कहा जब कानून ही लूट रहा है तो कार्रवाई कैसे होगी। फिलहाल वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी के साथ वायरल हो रहा है। दरोगा ने जिस एक्सिडेंट के मामले में रिश्वत मांगी थी, वह तंबौर थाना क्षेत्र का था। वहीं, दरोगा से बाइक छीनने की घटना रेउसा थाना क्षेत्र में हुई।

(सीतापुर से मोहित मिश्र की रिपोर्ट)

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।

Advertisement
Advertisement
Advertisement