1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यमुना एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा, कार सवार 6 लोगों की मौत, 2 घायल; निजी बस भी पलटी

यमुना एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा, कार सवार 6 लोगों की मौत, 2 घायल; निजी बस भी पलटी

 Edited By: Amar Deep
 Published : Jul 19, 2025 09:10 am IST,  Updated : Jul 19, 2025 10:52 am IST

यूपी के मथुरा जिले में यमुना एक्सप्रेसवे पर हुए दर्दनाक हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई। वहीं दो लोग घायल भी हो गए हैं, जिनका उपचार कराया जा रहा है।

कार सवार 6 लोगों की हुई मौत।- India TV Hindi
कार सवार 6 लोगों की हुई मौत। Image Source : PTI

मथुरा: यूपी के मथुरा जिले में यमुना एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार-शनिवार की रात दो दर्दनाक हादसे हुए। पहले हादसे में एक कार सामने जा रही भारी वाहन में जाकर टकरा गई, जिससे कार सवार छह लोगों की मौत हो गई। वहीं कार में सवार दो अन्य लोगों को चोट लगी है, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों का अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है। इसके अलावा एक अन्य हादसे में दिल्ली से मध्य प्रदेश जा रही एक निजी बस पलट गई। इस हादसे में भी 8 लोग घायल बताए जा रहे हैं, जिनका उपचार कराया जा रहा है। घायलों के परिजनों से भी संपर्क स्थापित किया जा रहा है।

कार सवार 6 लोगों की मौत

वहीं यमुना एक्सप्रेसवे पर हुई टक्कर में 6 लोगों की मौत पर मथुरा के एसएसपी श्लोक कुमार ने जानकारी दी। उन्होंने कहा, "सुबह करीब 3 बजे एक इको कार दिल्ली से आगरा जा रही थी। इसी दौरान शायद ड्राइवर को नींद आने की वजह से कार आगे चल रहे एक भारी वाहन से टकरा गई। इस हादसे में इको सवार 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। फिलहाल घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनका बेहतर से बेहतर इलाज कराया जा रहा है। परिजनों से भी संपर्क किया जा रहा है। मामले में अग्रिम कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।"

एक्सप्रेसवे पर पलटी निजी बस

एसएसपी श्लोक कुमार ने एक अन्य हादसे की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा, "यमुना एक्सप्रेसवे पर सुबह करीब 4 बजे एक निजी बस पलट गई। ये बस दिल्ली से मध्य प्रदेश जा रही थी। इस घटना में कुल 8 लोग घायल हो गए हैं। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी की स्थिति सामान्य है। डीएम साहब और हमारे द्वारा सभी घायलों से मुलाकात भी की गई है। उनके परिजनों से भी संपर्क स्थापित किया गया है। उनको बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके अलावा इन्हें उनके गन्तव्य तक पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है।"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।