1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. गाजीपुरः पुलिस लाठीचार्ज में BJP कार्यकर्ता की मौत के मामले में बड़ा एक्शन, थाना प्रभारी समेत 6 पुलिसकर्मी सस्पेंड; 6 लाइन हाजिर

गाजीपुरः पुलिस लाठीचार्ज में BJP कार्यकर्ता की मौत के मामले में बड़ा एक्शन, थाना प्रभारी समेत 6 पुलिसकर्मी सस्पेंड; 6 लाइन हाजिर

 Edited By: Mangal Yadav
 Published : Sep 11, 2025 11:40 pm IST,  Updated : Sep 11, 2025 11:44 pm IST

गाजीपुर के नोनहरा थाना इलाके में कथित तौर पर लाठीचार्ज में बीजेपी कार्यकर्ता की मौत के मामले में सरकार कड़ा एक्शन लिया है। एसपी ने 12 पुलिसकर्मियों के खिलाफ एक्शन लिया है।

पुलिस अधीक्षक ईरज राजा- India TV Hindi
पुलिस अधीक्षक ईरज राजा। फाइल Image Source : FACEBOOK/IRAJRAJAIPS

गाजीपुरः गाजीपुर जिले के नोनहरा थाना परिसर में मंगलवार की रात धरनारत लोगों पर पुलिस द्वारा किये गये कथित लाठीचार्ज में घायल हुए सत्तारूढ़ बीजेपी कार्यकर्ता की बृहस्पतिवार को मौत हो गयी। इस मामले में थाना प्रभारी समेत छह पुलिसकर्मियों को निलंबित और छह अन्य को लाइन हाजिर कर दिया गया है। 

एसपी ने लाठीचार्ज से किया इनकार

पुलिस अधीक्षक ईरज राजा ने बताया कि नोनहरा क्षेत्र में नौ सितंबर को एक प्रकरण संज्ञान में आया था जिसमें एक ग्राम प्रधान और एक पूर्व प्रधान के बीच बिजली के खंभे लगाने को लेकर विवाद था। एसपी के अनुसार, इसके बाद एक पक्ष के 20-25 लोग थाने में आकर बैठ गए थे। उन्हें बहुत समझाया गया। मगर वे नहीं माने। रात में बिजली जाने के कारण कुछ अफरातफरी मची और इसके कारण इनको तत्काल वहां से जाने को कहा गया तो फिर इसके बाद वे लोग वहां से चले गए थे। कोई लाठीचार्ज नहीं हुआ था। 

पुलिस अधीक्षक का कहना है कि आज सूचना मिली कि थाने में भीड़ के साथ पहुंचे सियाराम उपाध्याय (35) नामक एक व्यक्ति की मृत्यु हुई है। मामले की मजिस्ट्रियल जांच के लिए जिलाधिकारी को पत्र लिखा गया है। पीड़ित पक्ष के आवेदन पर शव का चिकित्सकों के पैनल द्वारा पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम में मिले तथ्यों के आधार पर आगे भी विधिक कार्रवाई की जाएगी। 

थाना प्रभारी समेत छह पुलिसकर्मी सस्पेंड

एसपी ईरज राजा ने बताया कि इस मामले में थाना प्रभारी समेत छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है और छह अन्य पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर किया गया है ताकि किसी प्रकार से कोई जांच को प्रभावित न कर पाए। उन्होंने कहा कि जांच निष्पक्ष होगी और दोषी को चिन्हित कर उसके विरुद्ध कार्रवाई होगी। रुकूंदीपुर निवासी भाजपा कार्यकर्ता सियाराम उपाध्याय की बृहस्पतिवार को तड़के घर पर ही मौत हो गई। घर पर ही उसका उपचार किया जा रहा था। सियाराम की मौत की सूचना मिलते ही उनके गांव में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और ग्रामीण एकत्र हो गए। इसे देखते हुए गांव में सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए। 

मृतक के परिजनों ने मांगा न्याय

सियाराम के पिता गिरिजा उपाध्याय ने संवाददाताओं से कहा कि उन्हें न्याय चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि गत नौ सितंबर को थाने में इकट्ठा हुए लोगों पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया था जिसमें उनका बेटा घायल हो गया था और आज उसकी मौत हो गई। गिरिजा उपाध्याय के अनुसार उनका बेटा पिछले 16 वर्षों से भाजपा से जुड़ा था। लाठीचार्ज में घायल राजेश राय बागी ने आरोप लगाया कि वह और उनके साथी जनसमस्याओं को लेकर धरने पर बैठे थे लेकिन रात करीब डेढ़ बजे लाइट बंद कर पुलिस ने लाठीचार्ज किया जिससे कई लोग घायल हुए हैं। भाजपा के जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश राय ने संवाददाताओं को बताया कि सियाराम उपाध्याय भाजपा का समर्पित कार्यकर्ता थे तथा उनकी मौत से पार्टी स्तब्ध है।

इनपुट- भाषा 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।