1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. ग्रेटर नोएडा वेस्ट में तेज रफ्तार जैगुआर का कहर, 14 साल के स्टूडेंट को मारी टक्कर, हालत गंभीर

ग्रेटर नोएडा वेस्ट में तेज रफ्तार जैगुआर का कहर, 14 साल के स्टूडेंट को मारी टक्कर, हालत गंभीर

 Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd
 Published : Jan 11, 2025 07:47 am IST,  Updated : Jan 11, 2025 09:22 am IST

तेज रफ्तार Jaguar कार ने एक 14 साल के लड़के को टक्कर मार दी, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने इस मामले में आरोपी चालक को हिरासत में लिया है।

Jaguar- India TV Hindi
तेज रफ्तार Jaguar कार ने एक 14 साल के लड़के को टक्कर मार दी Image Source : INDIA TV

ग्रेटर नोएडा: यूपी के ग्रेटर नोएडा वेस्ट में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। तेज रफ्तार जैगुआर कार ने एक 14 साल के छात्र को जोरदार टक्कर मारी है। इस हादसे में छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया है। उसका इलाज चल रहा है। घायल छात्र के पिता ने थाना बिसरख पुलिस को शिकायत भी दी है। मामला स्टेलर जीवन सोसाइटी के पास का है।

क्या है पूरा मामला?  

मिली जानकारी के मुताबिक, गुरुवार को सुबह करीब 6 बजे स्टेलर जीवन सोसाइटी के पास सर्विस रोड पर दौड़ रहे 14 वर्षीय छात्र नीरज को तेज रफ्तार जैगुआर कार (नंबर UP16CH 9861) ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार ड्राइवर मौके से फरार हो गया। छात्र को सिर और छाती में गंभीर चोटें आई हैं और उसका इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने बताया कि घायल छात्र की हालत गंभीर बनी हुई है।

घायल छात्र के पिता ने बिसरख थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनका बेटा सुबह रनिंग के लिए निकला था, तभी तेज रफ्तार और लापरवाही से चल रही जैगुआर कार ने पीछे से आकर उसे टक्कर मार दी। उनका बेटा अस्पताल में भर्ती है और उसको गंभीर चोट आई हैं।

वहीं पुलिस ने बताया कि गुरुवार सुबह करीब 6 बजे स्टेलर जीवन सोसायटी के पास एक 14 साल के लड़के को वाहन संख्या UP 16 CH 9861 के चालक ने टक्कर मार दी। लड़के को गंभीर चोटें आईं, और उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। आरोपी चालक को हिरासत में लेकर गाड़ी को सीज कर दिया गया है। मामले में अभियोग पंजीकृत कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

गौरतलब है कि नोएडा और ग्रेटर नोएडा में आए दिन एक्सीडेंट के मामले सामने आते हैं। इसमें अधिकतर एक्सीडेंट ड्राइवर की लापरवाही और तेज रफ्तार की वजह से होते हैं। कानूनी कार्रवाई के बावजूद इस तरह की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। ऐसे में पुलिस और प्रशासन को ऐसे लोगों से निपटने के लिए किसी सख्त रणनीति की जरूरत है। (इनपुट: राहुल ठाकुर)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।