उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। दोस्तपुर थाना क्षेत्र के संसारपुर गांव में शनिवार सुबह एक युवक ने अपनी पत्नी पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति ने खुद का गला काटकर आत्महत्या की कोशिश भी की। फिलहाल, दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के मुताबिक, चंद्रभान निषाद और उसकी पत्नी पूजा (30 वर्ष) के बीच पिछले काफी वक्त से अनबन चल रही थी। विवाद का मुख्य कारण चंद्रभान की नशे की लत थी। पूजा अक्सर अपने पति की शराब पीने की आदत का विरोध करती थी, जिसे लेकर घर में आए दिन कलह होती रहती थी।
नशे को लेकर हुई बहस
शनिवार की सुबह भी नशे को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस हुई। आरोप है कि पूजा के विरोध से गुस्साए चंद्रभान ने आपा खो दिया और घर में रखी कुल्हाड़ी से पत्नी पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। लहूलुहान पूजा जमीन पर गिर पड़ी, जिसके बाद खौफनाक कदम उठाते हुए चंद्रभान ने उसी धारदार हथियार से अपने गले पर भी वार कर लिया।
घटना के समय गांव में अफरा-तफरी मच गई। चीख-पुकार सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। बताया जा रहा है कि इस दंपत्ति की शादी 6 साल पहले हुई थी और उनके दो छोटे बच्चे भी हैं। सूचना पर पहुंची दोस्तपुर पुलिस ने आनन-फानन में दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद, डॉक्टरों ने उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें अंबेडकरनगर जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।
क्षेत्राधिकारी विनय गौतम ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और विधिक कार्रवाई की जा रही है।
(रिपोर्ट- जागृति श्रीवास्तव)
ये भी पढ़ें-