1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. कौशांबी में युवती की हत्या करने वाले आरोपी का हाफ एनकाउंटर, पैर में लगी गोली

कौशांबी में युवती की हत्या करने वाले आरोपी का हाफ एनकाउंटर, पैर में लगी गोली

 Edited By: Mangal Yadav
 Published : Apr 29, 2025 08:34 am IST,  Updated : Apr 29, 2025 08:42 am IST

कौशांबी के थाना पश्चिम शरीरा इलाके में युवती की हत्या करने वाले आरोपी की एसओजी की टीम के साथ मुठभेड़ हुई। फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी है।

आरोपी के साथ पुलिस टीम- India TV Hindi
आरोपी के साथ पुलिस टीम Image Source : INDIA TV

कौशांबीः यूपी के कौशांबी जिले में हुए युवती की हत्या के आरोपी की पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम के साथ मुठभेड़ हुई है। इस दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी है। उसके पास से अवैध असलहा और हत्या में प्रयुक्त कपड़े व चाकू भी बरामद किया गया है। बताया जा रहा है कि आरोपी युवती से एकतरफा प्यार करता था और उससे शादी करना चाहता है। लेकिन इनकार करने पर घटना को अंजाम दिया।

कई थानों की पुलिस कर रही मामले की जांच

जानकारी के अनुसार, 28 अप्रैल को थाना पश्चिम शरीरा इलाके में एक युवती की गर्दन और हाथ की नस काट कर बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कौशांबी द्वारा करारी, पश्चिम शरीरा, पिपरी थानों के प्रभारी और एसओजी-सर्विलांस टीमों का गठन किया गया। जांच में इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी सूचनाओं के आधार पर कई संदिग्धों से पूछताछ की गई। इसी दौरान भगवतपुर कटरी निवासी सुरेंद्र सिंह पटेल का नाम सामने आया।

मुठभेड़ में आरोपी के पैर में लगी गोली

29 अप्रैल को पुलिस ने सुरेंद्र को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने जुर्म कबूल करते हुए हत्या की वारदात में पहने कपड़े छिपाने की बात कबूली। पुलिस टीम आरोपी को बरामदगी के  लिए बताए गए स्थान पर लेकर गयी। तभी उसने झोले में रखे अवैध तमंचे से पुलिस पार्टी पर जानलेवा फायर कर दिया। पुलिस ने खुद को बचाते हुए जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी।

हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद

मौके से पुलिस ने 315 बोर का तमंचा, कारतूस, घटना में पहने कपड़े और हत्या में प्रयुक्त धारदार चाकू बरामद किया। घायल आरोपी को जिला अस्पताल मंझनपुर भेज दिया गया है। मुठभेड़ के बाद एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है। पुलिस ने न सिर्फ आरोपी को गिरफ्तार किया, बल्कि हत्या में प्रयुक्त हथियार और सबूत भी बरामद किए हैं। 

रिपोर्ट- अयमान अहमद, कौशांबी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।