1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यूपी: जालौन में पति-पत्नी से डकैती मामला, पुलिस ने एक बदमाश के पैर में गोली मारी, कुल 3 आरोपी गिरफ्तार

यूपी: जालौन में पति-पत्नी से डकैती मामला, पुलिस ने एक बदमाश के पैर में गोली मारी, कुल 3 आरोपी गिरफ्तार

 Written By: Rituraj Tripathi
 Published : Sep 07, 2026 08:28 am IST,  Updated : Sep 07, 2026 08:28 am IST

यूपी के जालौन में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई है। इस दौरान पुलिस ने एक बदमाश के पैर में गोली मारी है। मुठभेड़ के बाद 2 बदमाशों ने सरेंडर भी कर दिया। इस तरह पुलिस ने 3 बदमाशों को गिरफ्तार किया है।

Jalaun- India TV Hindi
जालौन में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ Image Source : REPORTER INPUT

जालौन: यूपी के जालौन से एक बड़ी खबर है। जालौन के कोंच कोतवाली क्षेत्र में रेलवे के सेवानिवृत्त कर्मचारी और उनकी पत्नी को बंधक बनाकर लाखों रुपये की डकैती डालने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कोंच पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में डकैती में शामिल बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। 

एक बदमाश का हाफ एनकाउंटर, पुलिस ने 3 को गिरफ्तार किया

मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि दो अन्य बदमाशों ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद से ही कोंच पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम बदमाशों की तलाश में जुटी हुई थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ बदमाश ई-रिक्शा में बैठकर तमंचे के साथ जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर बदमाशों को रोकने का प्रयास किया।

पुलिस का कहना है कि खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर दो राउंड फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आत्मरक्षा के दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। वहीं, दो अन्य बदमाशों ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। घायल बदमाश को पुलिस ने हिरासत में लेकर उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया।

लूटे गए चांदी के आभूषण भी बरामद

पूछताछ में आरोपियों ने दो दिन पहले रेलवे के सेवानिवृत्त कर्मचारी के घर डकैती की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए चांदी के आभूषण भी बरामद किए हैं।

पुलिस ने क्या बताया?

अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. इशान सोनी ने बताया कि डकैती की वारदात में शामिल दो अन्य बदमाश अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। इसके साथ ही गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी दूसरे थानों से खंगाला जा रहा है।

पुलिस ने गिरफ्तार तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस के इस एक्शन की हर तरफ चर्चा हो रही है।

इससे पहले गाजियाबाद में दुष्कर्म के वांछित आरोपियों का पुलिस ने हाफ एनकाउंटर किया था। (रिपोर्ट- वरुण द्विवेदी)

ये भी पढ़ें-

मेरठ पुलिस ने इनामी बदमाश को मुठभेड़ में किया गिरफ्तार, बिना नंबर प्लेट की बाइक हुई बरामद

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।