उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले में पुलिस ने 33 लाख से ज्यादा ‘सब्सक्राइबर’ वाले एक यूट्यूब चैनल को हैक करने और उसके मालिक से पैसे ऐंठने के आरोप में बिहार के दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
जानें पूरा मामला
पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने बताया कि भीखपुर के निवासी चैनल के संचालक विनय कुमार की शिकायत पर देहात थाने और जिला साइबर प्रकोष्ठ के संयुक्त अभियान के तहत ये गिरफ्तारियां की गईं। विनय कुमार ने शिकायत में आरोप लगाया है कि कृष्ण कुमार गौतम नामक व्यक्ति ने उनके चैनल को हैक कर लिया और बहाल करने के लिए आठ लाख रुपये की मांग की। विनय कुमार ने कहा कि गौतम पहले ही उनसे 1.6 लाख रुपये ऐंठ चुका है।
पुलिस ने यूं बिछाया जाल
शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने जाल बिछाया और आरोपियों को कटिहार रेलवे स्टेशन आकर बाकी रकम लेने को कहा। एसपी ने बताया कि पुलिस की एक टीम स्टेशन पर इंतजार कर रही थी और जब दो लोग शिकायतकर्ता के पास पहुंचे, तो उनकी पहचान करके उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि आरोपियों की पहचान मोहम्मद साहिल रजा और मोहम्मद शब्बीर रजा के रूप में हुई है, जो बिहार के पूर्णिया के निवासी हैं। उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है। (भाषा इनपुट्स के साथ)
यह भी पढ़ें-
Gmail में अब तक का सबसे बड़ा साइबर अटैक, हैकर्स के हाथों लगा 250 करोड़ यूजर्स का निजी डेटा