1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. शोरूम से iPhone चुराकर मुस्कुराते हुए निकल गए पुलिसवाले, CCTV में कैद हुई घटना, दुकानदार ने रोते हुए सुनाई पूरी कहानी

शोरूम से iPhone चुराकर मुस्कुराते हुए निकल गए पुलिसवाले, CCTV में कैद हुई घटना, दुकानदार ने रोते हुए सुनाई पूरी कहानी

 Published : Feb 11, 2026 10:18 pm IST,  Updated : Feb 11, 2026 10:18 pm IST

उत्तर प्रदेश के जौनपुर में 2 पुलिसकर्मियों ने मोबाइल शोरूम से महंगा iPhone चुरा लिया, और यह पूरी वारदात CCTV में कैद हो गई। दुकानदार की शिकायत पर एसपी ने दोनों सिपाहियों को निलंबित कर विभागीय जांच शुरू कर दी है।

Jaunpur police mobile theft case, UP police iPhone theft, CCTV viral video Jaunpur- India TV Hindi
जौनपुर में 2 पुलिसकर्मियों ने शोरूम से फोन चुराकर पूरे महकमे को शर्मसार कर दिया। Image Source : REPORTER INPUT

जौनपुर: उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में 2 पुलिसकर्मियों ने एक मोबाइल शोरूम से महंगा iPhone चुरा लिया। पुलिसकर्मियों द्वारा चोरी की यह घटना CCTV कैमरे में साफ कैद हो गई। मामले की शिकायत मिलने पर पुलिस अधीक्षक ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मिथिलेश और धनंजय नाम के दोनों सिपाहियों को सस्पेंड कर दिया और विभागीय जांच के आदेश दे दिए। इसके साथ ही चोरी किया गया मोबाइल फोन भी दुकान मालिक को वापस करा दिया गया। लाइन बाजार थाना क्षेत्र के एक मोबाइल शोरूम में हुई इस घटना ने पुलिस की काफी किरकिरी करा दी है।

मुस्कुराते हुए चोरी का फोन लेकर निकल गए पुलिसवाले

रिपोर्ट्स के मुताबिक, मिथिलेश और धनंजय मोबाइल फोन खरीदने के बहाने दुकान में पहुंचे थे। उन्होंने महंगा iPhone देखा और चेक करने के दौरान एक सिपाही ने बड़े सफाई से नया फोन अपनी जेब में रख लिया। बदले में उन्होंने अपना पुराना फोन रिसेप्शनिस्ट लड़की को पकड़ा दिया। दोनों मुस्कुराते हुए दुकान से निकल गए और रफूचक्कर हो गए। कुछ देर बाद जब दुकान मालिक ने देखा तो महंगा iPhone गायब था। वह पूरी रात तनाव में रहे, खाना-पीना छोड़ दिया और फोन की तलाश में लगे रहे। बाद में उन्होंने CCTV फुटेज चेक किया तो सच्चाई सामने आ गई।

दुकानदार ने रोते हुए वीडियो में दी घटना की जानकारी

फुटेज में साफ दिख रहा है कि दोनों पुलिसकर्मी किस तरह नया फोन जेब में छिपा रहे हैं और पुराना फोन छोड़कर जा रहे हैं। पुलिसकर्मियों की यह हरकत देखकर दुकान मालिक शिवम सदमे में आ गए। उन्होंने इस पूरी घटना पर एक वीडियो जारी किया, जिसमें रोते हुए उन्होंने बताया, 'हमारी दुकान पर एक बहुत बड़ी दुर्घटना हो गई और इसे किसी आम आदमी ने नहीं बल्कि दो पुलिसवालों ने मिलकर अंजाम दिया। वे दुकान से मोबाइल फोन बड़ी सफाई से गायब कर देते हैं और ऐसा करते हुए मुस्कुरा भी रहे हैं। जब पुलिस के लोग ऐसा काम कर रहे हैं तो हम नॉर्मल जनता को क्या बोलेंगे? इन लोगों को बहुत कड़ी सजा मिलनी चाहिए।'

आरोपी पुलिसकर्मियों पर की जा रही है विभागीय कार्यवाही

दुकान मालिक की शिकायत पर पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने मामले का संज्ञान लिया और तुरंत दोनों आरक्षकों मिथिलेश और धनंजय को निलंबित कर दिया। एसपी ने कहा, 'प्रकरण आया था और मोबाइल से संबंधित 2 आरक्षियों का। इस संबंध में दोनों आरक्षियों को निलंबित करके उनके ऊपर विभागीय कार्रवाई की जा रही है।' यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गई है। लोग कह रहे हैं कि जब रक्षक ही भक्षक बन जाए तो आम आदमी का जीवन कैसे चलेगा। दुकानदार ने भी अपने वीडियो में आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। (रिपोर्ट: सुधाकर शुक्ला)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।