1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यूपी: वृंदावन में बांके बिहारी मंदिर के पास मकान का छज्जा गिरने से 5 की मौत, 10 घायल

यूपी: वृंदावन में बांके बिहारी मंदिर के पास मकान का छज्जा गिरने से 5 की मौत, 10 घायल

 Written By: Rituraj Tripathi
 Published : Aug 15, 2023 07:05 pm IST,  Updated : Aug 15, 2023 10:22 pm IST

वृंदावन में बांके बिहारी मंदिर के पास काफी भीड़ रहती है। ऐसे में इस हादसे की चपेट में कुछ श्रद्धालु भी आ गए हैं।

Banke Bihari temple- India TV Hindi
बांके बिहारी मंदिर के पास हादसा Image Source : INDIA TV

मथुरा: वृंदावन में बांके बिहारी मंदिर के पास एक बड़ा हादसा हो गया है। यहां एक मकान का छज्जा गिरने की वजह से 5 लोगों की मौत हो गई है और करीब 8 से 10 लोग घायल हो गए हैं। मिली जानकारी के मुताबिक, बंदरों के दो गुटों में झगड़ा होने की वजह से छज्जा नीचे गिरा, जिससे ये बड़ी दुर्घटना घट गई। घायलों को अलग- अलग अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

कहां हुआ हादसा?

विष्णु बाग वालों के मकान का छज्जा जर्जर होने के चलते ये हादसा हुआ। वृंदावन के बांके बिहारी और स्नेह बिहारी मंदिर के पास ये हादसा हुआ है। जैसे ही ये हादसा हुआ, वैसे ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और लोग घबराकर इधर उधर भागने लगे। 

आस-पास के लोगों ने काफी मशक्कत के बाद मलबे के नीचे से लोगों को निकाला और घायलों को एडमिट करवाया। इस हादसे में कई श्रद्धालु प्रभावित हुए हैं। ये लोग मंदिर के दर्शन करने जा रहे थे और कुछ दर्शन करके लौट रहे थे। मौके पर पुलिस बल तैनात है और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

मथुरा के जिलाधिकारी पुलकित खरे का सामने आया बयान

मथुरा के जिलाधिकारी पुलकित खरे ने इस घटना के बारे में जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि हादसे में 5 लोगों की मौत हुई है। उन्होंने कहा कि वृदांवन में बांके बिहारी मंदिर के पास एक छज्जा और दीवार गिरने से एक दुखद हादसा हुआ। इस हादसे में 5 लोगों की जान गई है। 4 लोग हॉस्पिटल में एडमिट हैं, उनका इलाज चल रहा है। मौके पर प्रशासन की टीम मौजूद है। जिन लोगों की मौत हुई है और जिनका इलाज चल रहा है, उनके लिए नियमानुसार मुआवजा देखा जाएगा। जांच के लिए भी टीमें लगी हुई हैं। 

सीएम योगी ने घटना को संज्ञान में लिया, मुआवजे का भी ऐलान 

सीएम योगी आदित्यनाथ ने मथुरा में पुरानी बिल्डिंग गिरने से हुए हादसे को संज्ञान में लिया है। सीएम ने इस हादसे में हुई जनहानि पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर जिला प्रशासन के अधिकारियों को उनका सही उपचार कराने का निर्देश दिया है। इसके अलावा घायलों के जल्द स्वस्थ होने की भी कामना की है। 

सीएम योगी ने मृतकों के परिजनों के लिए मुआवजे का भी ऐलान किया है। इसके तहत 4 लाख रुपए हर मृतक के परिजन को दिए जाएंगे। 

(इनपुट: मथुरा से मोहन श्याम शर्मा की रिपोर्ट)

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।