उत्तर प्रदेश के बलिया से बड़ी खबर सामने आ रही है। पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर की बहू और पेशे से डॉक्टर सुषमा शेखर की राजनीति में एंट्री हो गई है। सुषमा शेखर ने हजारों लोगो के साथ बलिया जिले के फेफना विधानसभा से 2027 के लिए चुनावी शंखनाद कर दिया है। बता दें कि सुषमा शेखर बीजेपी के राज्यसभा सांसद नीरज शेखर की पत्नी हैं। इस दौरान सुषमा शेखर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संत जैसा बताया है तो वहीं, विपक्ष पर भी जमकर हमला बोला है।
क्या बोलीं सुषमा शेखर?
सुषमा शेखर की मानें तो उनके पिता चंद्रशेखर ने देश के लिये जितना हुआ वह किया। वह भी अपने पिता के ही कदमों पर चलते हुए देश और राष्ट्र हित मे अपनी सामाजिक जिम्मेदारियों को निभाना चाहती हैं। सुषमा शेखर ने हजारों महिलाओं और बीजेपी कार्यकर्ताओं के साथ हाथ जोड़कर सड़क पर लोगो का अभिवादन भी किया।
PM मोदी संत जैसे- सुषमा शेखर
राजनीति में पहला कदम रखते ही सुषमा शेखर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संत जैसा बताया है। उन्होंने कहा कि देश के लिए मोदी जी, चाणक्य जैसे अमित शाह और धर्म गुरु और कर्म योगी योगी आदित्यनाथ का पद पर बने रहना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि तीनों की तिगड़ी देश के विकास और समाज के लिए बेहद जरूरी है, वही लोगों को बताने के लिए वह सड़क पर निकली हैं।
विपक्ष पर हमला बोला
यही नहीं सुषमा शेखर ने विपक्ष पर भी हमला बोला है। उन्होंने कहा कि विपक्ष के गतिविधियां देश विरोधी हैं। सुषमा शेखर ने राहुल गांधी और ममता बनर्जी का बिना नाम लिए कहा कि "एक नेता जो विदेशों में जाकर जब भी अपना वक्तव्य देते हैं तो देश की छवि को चकनाचूर कर देते हैं। तो वहीं, एक सीएम हैं जो कि देश की सीमाओं को खोलकर देश मे आतंकवादी घटनाओं का खतरा बढ़ा रही हैं। (रिपोर्ट- अमित कुमार)
ये भी पढ़ें- सीएम योगी ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को वितरित किए स्मार्टफोन, नियुक्ति पत्र भी सौंपे; मानदेय को लेकर किया बड़ा ऐलान
रोजगार की सौगात, सीएम योगी 739 आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और 15203 सहायिकाओं को आज देंगे नियुक्ति पत्र