1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. Uttar Pradesh Day: इस साल क्या है यूपी दिवस की थीम? 6 लोग ‘यूपी गौरव सम्मान’ से होंगे सम्मानित, मिलेंगे इतने लाख रुपये

Uttar Pradesh Day: इस साल क्या है यूपी दिवस की थीम? 6 लोग ‘यूपी गौरव सम्मान’ से होंगे सम्मानित, मिलेंगे इतने लाख रुपये

 Published : Jan 23, 2025 10:33 pm IST,  Updated : Jan 23, 2025 10:33 pm IST

यूपी दिवस के मौके पर सरकार 6 लोगों को ‘यूपी गौरव सम्मान’ से सम्मानित करेगी। लखनऊ में होने वाले आयोजन में उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मौजूद रहेंगे।

यूपी दिवस- India TV Hindi
यूपी दिवस Image Source : UP TOURISM

उत्तर प्रदेश के स्थापना दिवस का आयोजन 24 से 26 जनवरी तक राजधानी लखनऊ के अवधशिल्प ग्राम में किया जाएगा। 'विकास व विरासत प्रगति पथ पर उत्तर प्रदेश' की थीम पर होने वाले इस आयोजन में उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ भी शामिल होंगे। प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री ठाकुर जयवीर सिंह ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया, “उत्तर प्रदेश दिवस-2025 के आयोजन की थीम 'विकास व विरासत प्रगति पथ पर उत्तर प्रदेश' रखी गई है। सभी विभागों द्वारा इसी थीम पर प्रदर्शनी, संगोष्ठी, सम्मेलन, सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रतियोगिता, रोड शो आयोजित किए जाएंगे।”

ये दिग्गज होंगे शामिल-

उन्होंने कहा कि 24 जनवरी को उत्तर प्रदेश दिवस, 25 जनवरी को राष्ट्रीय पर्यटन दिवस-मतदाता जागरूकता दिवस और 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस का धूमधाम से आयोजन होगा। सिंह के मुताबिक, इसके साथ ही प्रयागराज महाकुम्भ के सेक्टर-सात, नोएडा शिल्पग्राम समेत 75 जनपदों में भी विविध आयोजन होंगे। सिंह ने बताया कि लखनऊ में होने वाले मुख्य महोत्सव में उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़, राज्यपाल आनंदी बेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मौजूद रहेंगे।

इन 6 लोगों को मिलेगा यूपी गौरव सम्मान

मुख्य महोत्सव में विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 6 लोगों को उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान मिलेगा। मंत्री के मुताबिक, उन्हें पुरस्कार स्वरूप 11 लाख रुपये, प्रशस्ति पत्र व अंगवस्त्र प्रदान किए जाएंगे। सिंह ने बताया कि यह सम्मान वाराणसी के कृष्णकांत शुक्ल (भौतिक विज्ञान, संगीतकार, कवि), वृंदावन मथुरा के (उद्यमी-पर्यावरणविद) हिमांशु गुप्ता, कानपुर के मनीष वर्मा (कृषि-दलित उद्यमी), बुलंदशहर की कृष्णा यादव (महिला उद्यमी), बुलंदशहर के ही कर्नल सुभाष देशवाल (कृषि-उद्यम) व बहराइच के डॉक्टर जय सिंह (केला उत्पादन) को मिलेगा।

क्या-क्या कार्यक्रम होंगे?

उन्होंने बताया, “विरासत व विकास पर अलग-अलग प्रदर्शनी लगाई जाएंगी। विरासत पर लगाई गई प्रदर्शनी में पूर्व प्रधानमंत्री व भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के शताब्दी वर्ष पर उनके जीवन प्रसंग आदि से दर्शक अवगत हो सकेंगे। इसके अलावा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती, सरदार वल्लभ भाई पटेल, ‘हमारा संविधान व हमारा स्वाभिमान’ आदि पर प्रदर्शनी लगाई जाएंगी।” सिंह ने बताया कि इसके साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा सफल प्रतिभाओं को भी सम्मानित किया जाएगा।

मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि यूपी दिवस के अवसर पर प्रदेश के 75 जिलों के ओडीओपी उत्पाद, खान-पान, कला और संस्कृति का प्रदर्शन किया जाएगा। 25 जनवरी को मतदाता जागरूकता से संबंधित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। “विकास और विरासत: प्रगति पथ पर उत्तर प्रदेश” थीम पर आधारित इन आयोजनों में प्रदेश के गौरवशाली इतिहास और वर्तमान को प्रस्तुत किया जाएगा। (भाषा इनपुट्स के साथ)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।