उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है जिसमें यहां के सिकरीगंज थाना क्षेत्र के अहिरौली गांव में बिजली विभाग के एक ठेकेदार जो 8 अगस्त की शाम को गांव में आयोजित ब्रह्म भोज में शामिल होने आया था उसकी कथित तौर पर धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। इस घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों समेत सात अन्य लोगों को हिरासत में लेने के साथ पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान 52 साल के शिवकुमार त्रिपाठी के रूप में हुई है।
बिजली ठेकेदार पर तलवार से किए गए कई वार
गोरखपुर के सिकरीगंज थाना क्षेत्र के अहिरौली गांव में 8 अगस्त को जब बिजली विभाग के ठेकेदार शिवकुमार त्रिपाठी गांव में आयोजित आयोजित ब्रह्म भोज में शामिल होने आए थे तो प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उन्होंने बताया कि इसी दौरान गांव के ही राहुल चौधरी ने पीछे से उन पर कथित रूप से बांका से हमला कर दिया। इसके बाद ग्रामीणों और ब्रह्म भोज आयोजित करने वाले परिवार के लोगों ने घायल त्रिपाठी को ऑटो रिक्शा से अस्पताल ले जाने का प्रयास किया। आरोप है कि रास्ते में राहुल चौधरी ने अपने भाई रोहित के साथ वाहन को रोक लिया। स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप के बावजूद दोनों कथित रूप से त्रिपाठी को खींचकर करीब 200 मीटर दूर ले गए और तलवार से उन पर कई वार किए। जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि करीब एक साल पहले हुई एक हत्या का बदला लेने के लिए इस वारदात को अंजाम दिए जाने की आशंका है।
पुलिस हत्या के पीछे वास्तविक कारणों का लगा रही पता
शिवकुमार त्रिपाठी बिजली विभाग में ठेकेदारी का काम करते थे। उनके बेटे आदित्य त्रिपाठी गोरखपुर की अदालत में वकालत करते हैं। गांव वालों के अनुसार, राहुल चौधरी के चचेरे भाई आदेश चौधरी की वर्ष 2024 में हत्या कर दी गई थी और इस मामले में त्रिपाठी के परिवार के कुछ लोगों को आरोपी बनाया गया था। पुलिस अधीक्षक (दक्षिण) दिनेश कुमार पुरी ने बताया कि इस मामले में 8 अगस्त को मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। तीन नामजद आरोपियों समेत सात अन्य लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस हत्या के पीछे वास्तविक कारणों का पता लगा रही है और हमले में शामिल सभी लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
(इनपुट - भाषा)
ये भी पढ़ें
सुल्तानपुर के स्कूल में निकला 6 फीट का कोबरा, नागिन की तलाश जारी; रेस्क्यू टीम ने की अपील