1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. 14 साल के छात्र की हुई संदिग्ध मौत, गले-शरीर पर चोट के निशान, ग्रामीणों ने मां पर लगाया हत्या का आरोप

14 साल के छात्र की हुई संदिग्ध मौत, गले-शरीर पर चोट के निशान, ग्रामीणों ने मां पर लगाया हत्या का आरोप

 Written By: India TV UP Bureau Desk
 Published : Sep 12, 2026 12:47 pm IST,  Updated : Sep 12, 2026 12:47 pm IST

कानपुर के महाराजपुर में 14 साल के छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। छात्र के गले और शरीर पर चोट के निशान मिलने के बाद मामला उलझ गया जिसमें ग्रामीणों ने छात्र की मां पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है।

Kanpur Police- India TV Hindi
कानपुर में छात्र की संदिग्ध मौत के बाद घटनास्थल पर पहुंची पुलिस। Image Source : REPORTER INPUT

उत्तर प्रदेश के कानपुर में महाराजपुर थाना क्षेत्र के विपौसी गांव में 14 साल के छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। छात्र के गले और शरीर पर चोट के निशान मिलने के बाद मामला उलझ गया है। ग्रामीणों ने छात्र की मां पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। हालांकि, पुलिस ने अभी हत्या की पुष्टि नहीं की है। पुलिस के मुताबिक मामला संदिग्ध है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के साथ घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर मौत की असली वजह स्पष्ट होगी। घटना की सूचना 11 सितंबर की सुबह पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की और जरूरी साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि परिजनों की ओर से अभी तक कोई तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

चक्की से आटा लेकर घर आया था सत्यम, फिर पेट दर्द बताकर लेट गया

कानपुर में 14 साल के छात्र की संदिग्ध मौत को लेकर प्राप्त जानकारी के अनुसार विपौसी गांव निवासी सर्वेश निषाद गुजरात/मुंबई में निजी कंपनी में काम करते हैं। उनकी पत्नी बच्चों के साथ गांव में रहती हैं। दंपती के तीन बेटे हैं। इनमें सत्यम की उम्र 14 साल थी, जबकि दो छोटे भाई शिवम और सुंदरम हैं। परिजनों के मुताबिक, 10 सितंबर की शाम करीब 5 बजे सत्यम चक्की से आटा लेकर घर पहुंचा था। घर आने के बाद उसने पेट में दर्द होने की बात कही और चारपाई पर लेट गया। काफी देर तक जब वह नहीं उठा तो परिजनों ने उसे जगाने की कोशिश की। उसकी हालत खराब देखकर उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद 11 सितंबर की सुबह पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस के मौके पर पहुंचने पर छात्र के गले और शरीर पर चोट के निशान दिखाई दिए। इसके बाद पुलिस ने मामले को संदिग्ध मानते हुए जांच शुरू कर दी।

पिता बोले - मुझे बेटे की मौत की पूरी जानकारी नहीं दी गई

सर्वेश निषाद ने बताया कि उन्हें बेटे की मौत की जानकारी फोन से मिली। उनके मुताबिक, सुबह करीब 6 बजे पड़ोस में रहने वाले एक युवक ने फोन करके बताया कि उनका बेटा खत्म हो गया है। उन्होंने फोन पर पूछा कि आखिर हुआ क्या है, लेकिन उन्हें स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। सर्वेश के मुताबिक, उन्हें सिर्फ इतना बताया गया कि बेटे के सिर में चोट लगी है और वहां बर्फ लगाई गई थी। उन्होंने कहा कि उन्हें अपने बच्चे के साथ क्या हुआ, इसकी पूरी जानकारी चाहिए। पिता ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

गले पर निशान मिलने से बढ़ा शक, मां पर ग्रामीणों ने लगाए आरोप

छात्र के गले पर चोट के निशान मिलने के बाद ग्रामीणों ने उसकी मां पर गंभीर आरोप लगाए। आरोप लगाया गया कि छात्र की गला दबाकर हत्या की गई है। हालांकि, ये आरोप अभी ग्रामीणों और परिजनों की तरफ से हैं। पुलिस ने हत्या की पुष्टि नहीं की है और ना ही इस संबंध में अभी कोई एफआईआर दर्ज हुई है, एसीपी आशुतोष कुमार के अनुसार परिजनों की ओर से अब तक कोई तहरीर नहीं प्राप्त हुई है । फिलहाल पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि छात्र की मौत बीमारी, चोट, दम घुटने या किसी अन्य वजह से हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट इस जांच में अहम मानी जा रही है।

पुलिस बोली - सभी पहलुओं की होगी जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

सुनहैला चौकी प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि 11 सितंबर की सुबह बच्चे की मौत की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो मामला संदिग्ध प्रतीत हुआ। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। एसीपी चकेरी आशुतोष कुमार ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत की वजह स्पष्ट होगी। मृतक के पिता की ओर से तहरीर मिलने पर उसके आधार पर भी आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल अब तक तहरीर नहीं मिली है ।

(रिपोर्ट - अनुराग श्रीवास्तव)

ये भी पढ़ें

बलिया में खाकी हुई शर्मसार, सिपाही पर लगा नाबालिग छात्रा से छेड़खानी का आरोप, किया गया सस्पेंड

कोचिंग सेंटर के बोर्ड की आड़ में चल रहा था 'डेविल हुक्का बार' ग्राहक बनकर पहुंची क्राइम ब्रांच टीम

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।