उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में यमुना एक्सप्रेसवे के टोल प्लाजा 141 पर टोल कर्मी के साथ केबिन में घुसकर मारपीट और जबरन वाहन निकालने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। शिकायत के अनुसार बलदेव-आगरा मार्ग स्थित टोल प्लाजा के बूथ नंबर-141 के पास काले रंग की कार सवारों ने बिना टोल दिए वाहन निकालने का प्रयास किया। टोलकर्मी द्वारा रोकने पर कार सवारों ने कथित तौर पर मारपीट की और बूथ की खिड़की नहीं खोलने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस को मामले की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने शिकायत दर्ज करने के साथ जांच शुरू कर दी जिसमें यह घटना 24-25 सितंबर की रात करीब एक से डेढ़ बजे के बीच की बताई जा रही है।
बूथ क्षतिग्रस्त होने से लगभग 50 हजार रुपये के नुकसान का दावा
मथुरा में यमुना एक्सप्रेसवे के टोल प्लाजा 141 पर टोल कर्मी के साथ मारपीट और जबरन वाहन निकालने की घटना को लेकर पुलिस में दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार आरोप है कि बूथ को क्षतिग्रस्त कर करीब 20 से 25 वाहन बिना टोल दिए निकल गए, जिससे लगभग 50 हजार रुपये के राजस्व नुकसान का दावा किया गया है। पूरी घटना टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। टोल प्लाजा के अधिकृत प्रतिनिधि उदयवीर कुमार झा, निवासी खंदौली की ओर से पुलिस को शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। वायरल वीडियो और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर घटना में शामिल लोगों की पहचान किए जाने का प्रयास किया जा रहा है।
ग्रेटर नोएडा के टोल प्लाजा पर गुंडागर्दी की सामने आई थी घटना
यमुना एक्सप्रेसवे के टोल प्लाजा पर हुई इस घटना के अलावा कुछ महीने पहले ग्रेटर नोएडा के टोल प्लाजा पर गुंडागर्दी की घटना सामने आई थी। ग्रेटर नोएडा के लुहारली टोल प्लाजा पर 10 जून की रात दबंगों ने जमकर उत्पात मचाया आरोपियों ने बिना टोल दिए एक दर्जन गाड़ियों को टोल प्लाजा से निकालने के साथ बैरियर भी तोड़ दिए। टोल प्लाजा में मौजूद कर्मचारियों ने जब उन्हें रोकने की कोशिश की तो उसके साथ मारपीट भी की गई थी।
(रिपोर्ट - विपिन सारस्वत)
ये भी पढ़ें
महराजगंज कचहरी में महिला से मारपीट, अधिवक्ताओं और आम लोगों में आक्रोश, VIDEO आया सामने
गंगा एक्सप्रेस-वे पर बड़ा हादसा, BJP विधायक की फॉर्च्यूनर पोल से टकराई, गंभीर हालत में AIIMS रेफर