ग्रेटर नोएडा के लुहारली टोल प्लाजा पर बुधवार रात दबंगों ने जमकर उत्पात मचाया। आरोपियों ने बिना टोल दिए एक दर्जन गाड़ियों को टोल प्लाजा से निकाला। इस दौरान उन्होंने बैरियर भी तोड़ दिए। टोल प्लाजा में मौजूद कर्मचारियों ने जब उन्हें रोकने की कोशिश की तो उसके साथ मारपीट भी की। पीड़ित ने बताया कि दबंग उसे एक किलोमीटर तक दौड़ाते हुए ले गए। इस दौरान उसके ऊपर ईंट, पत्थर से हमला किया। उसके सिर में गंभीर चोट आई है।
घटना दादरी थाना क्षेत्र की है, जहां दबंगों का जबरदस्त आतंक देखने को मिला। दबंगों ने गाड़ियों के हूटर बजाते हुए टोल प्लाजा के बूम बैरियर को तोड़ दिया और उसके बाद एक दर्जन गाड़ियों को बिना पैसे के वहां से निकाल लिया।
टोलकर्मियों के साथ मारपीट
टोल कर्मियों ने दबंगों से पैसे मांगे और गाड़ियों को निकालने से रोका तो उन्होंने टोल कर्मियों के साथ भी जमकर मारपीट की, जब एक टोलकर्मी उनसे बचने के लिए भगा तो उन आरोपियों के द्वारा उस टोलकर्मी करीब एक किलोमीटर तक पीछा किया गया और उसके साथ में जमकर मारपीट की। ईंट पत्थर से उसपर हमला किया गया। आरोपी टोलकर्मी को लहूलुहान और अधमरा करके उसको छोड़कर मौके से फरार हो गए।
पीड़ित कर्मचारी ने बताई आपबीती
खुर्जा के रहने वाले लोकमान सिंह ने बताया कि वह काफी लंबे समय से नेशनल हाईवे 91 के लुहालरी टोल प्लाजा पर काम करता है। बुधवार रात्रि में करीब 7:45 बजे कुछ गाड़ियां टोल प्लाजा पर आईं और उनके द्वारा हूटर बजाकर उन गाड़ियों को जबरन निकालने की कोशिश की गई। बैरियर नहीं खोला गया तो उन लोगों के द्वारा बूम बैरियर को ही गाड़ियों से तोड़ दिया और एक के बाद एक लगातार में गाड़ियों को निकालने लगे। यह देखकर टोल कर्मचारियों के द्वारा बूम बैरियर को लगाया गया तो उन लोगों ने टोल कर्मचारियों के साथ हाथापाई करनी शुरू कर दी। उन्होंने कहा, "मैंने जब उन्हें रोका तो उन्होंने मेरे साथ मारपीट की और जब मैं बचने के लिए भाग तो उन्होंने मेरा पीछा करते हुए मुझे गिरा कर पीटा। करीब 1 किलोमीटर तक मेरा पीछा किया। मुझ पर ईंट से वार किया, जिससे मेरे सर में काफी चोट आई है।"
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
इस मारपीट में टोल कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हुआ है, जो अभी अस्पताल में भर्ती है। वहीं, यह पूरी घटना टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई है, जिसमें दबंगों की दबंगई देखी जा सकती है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
(ग्रेटर नोएडा से राहुल ठाकुर की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें-
यूपी: बहू की बात से गुस्साए ससुर ने उसे लाठी से पीट-पीटकर मार डाला, मच गया हड़कंप