1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यूपी के मंत्री ने SHO को बुलाकर अपने निजी सचिव को कराया गिरफ्तार, महिला कर्मचारी के साथ की थी अश्लील हरकत

यूपी के मंत्री ने SHO को बुलाकर अपने निजी सचिव को कराया गिरफ्तार, महिला कर्मचारी के साथ की थी अश्लील हरकत

 Reported By: Vishal Pratap Singh, Edited By: Mangal Yadav
 Published : Jul 31, 2025 11:40 pm IST,  Updated : Jul 31, 2025 11:57 pm IST

उत्तर प्रदेश के मंत्री असीम अरुण ने गुरुवार को कहा कि उन्होंने अपने निजी सहायक को पुलिस के हवाले कर दिया है। एक महिला कर्मचारी ने आज उनसे संपर्क करके उस पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया था।

निजी सचिव जयकिशन सिंह - India TV Hindi
निजी सचिव जयकिशन सिंह को थाने ले जाती पुलिस Image Source : REPORTER INPUT

लखनऊ: यूपी के मंत्री असीम अरुण ने अपने निजी सचिव को गिरफ्तार कराया है। मंत्री का सचिव उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण विभाग के मुख्यालय में तैनात एक महिला कर्मी के साथ अश्लील हरकत की थी। महिला ने मंत्री असीम अरुण से इसकी शिकायत की थी। इसके बाद मंत्री ने गोमतीनगर पुलिस थाने के इंस्पेक्टर को बुलाकर निजी सचिव को पुलिस के हवाले कर दिया। 

महिला ने निजी सचिव पर लगाया था छेड़छाड़ का आरोप

जानकारी के अनुसार, महिला ने मंत्री के ही निजी सचिव जयकिशन सिंह पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया था। महिला कर्मी ने मंत्री के निजी सचिव जय किशन सिंह पर अश्लील हरकत करने का आरोप लगाते हुए राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण से लिखित शिकायत की। शिकायत के आधार पर मंत्री असीम अरुण ने गोमतीनगर SHO को आरोपी निजी सचिव के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई हेतु निर्देशित किया। पुलिस आरोपी निजी सचिव को पूछताछ के लिए थाने लेकर गई।

15 दिन पहले महिला के साथ की थी अश्लील हरकत

कथित तौर पर यह घटना लगभग 15 दिन पहले हुई थी और इसमें दो अलग-अलग मौकों पर छेड़छाड़ शामिल थी। शुरुआत में महिला कर्मचारी इतनी डरी हुई थी कि उसने हमले की सूचना नहीं दी, लेकिन बाद में उसने हिम्मत जुटाकर मंत्री अरुण को सूचित किया, जिसके बाद तुरंत कार्रवाई की गई।

मंत्री असीम अरुण ने कही ये बात

घटना के तुरंत बाद मंत्री ने एक्स पर ट्वीट किया, "आज अपने कार्यालय में एक महिला कर्मचारी की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई के लिए पुलिस को व्यक्तिगत रूप से सूचित किया और अब पुलिस मामले की जांच कर रही है। असीम अरुण ने कहा कि एक महिला की शिकायत अपने आप में पर्याप्त है, मामला दर्ज करने के लिए और दोषसिद्धि के लिए भी।

उन्होंने कहा कि एक मंत्री के रूप में, वर्तमान में मेरे साथ काम करने वाले पुरुषों और महिलाओं दोनों के लिए एक सुरक्षित और सम्मानजनक कार्य वातावरण सुनिश्चित करना मेरी ज़िम्मेदारी है। अगर कोई इस माहौल को बिगाड़ने की कोशिश करता है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि एक महिला कर्मचारी ने बताया कि एक निजी सचिव ने उसके साथ दो बार छेड़छाड़ की। उसने आज यह बात मेरे ध्यान में लाई। मैंने तुरंत कार्रवाई की। 

(पीटीआई इनपुट के साथ)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।