1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. ओम प्रकाश राजभर ने सपा में टूट को लेकर किया नया दावा, बताया बागी गुट का नेतृत्व कौन करेगा?

ओम प्रकाश राजभर ने सपा में टूट को लेकर किया नया दावा, बताया बागी गुट का नेतृत्व कौन करेगा?

 Reported By: Vishal Pratap Singh Edited By: Mangal Yadav
 Published : Jun 18, 2026 07:47 am IST,  Updated : Jun 18, 2026 09:06 am IST

यूपी के मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के प्रमुख ओपी राजभर ने एक बार फिर दावा किया है कि सपा में बड़े पैमाने पर बगावत हो सकती है और सपा सांसद टूट सकते हैं।

ओम प्रकाश राजभर - India TV Hindi
ओम प्रकाश राजभर। फाइल Image Source : PTI

लखनऊः पश्चिम बंगाल की टीएमसी में टूट और महाराष्ट्र में शिवसेना (UBT) में बगावत के बीच अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी (सपा) में भी टूट की अटकलें शुरू हो गई हैं। यह अटकलें राज्य के कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर और डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के बयान बाद शुरू हुई। सपा में टूट को लेकर ओम प्रकाश राजभर ने गुरुवार सुबह नया दावा किया और संकेत दिया कि बागी गुट का नेतृत्व कौन करेगा। 

कल से ही अखिलेश यादव पर हमलावर हैं राजभर

बता दें कि राजभर बुधवार से ही अखिलेश यादव पर लगातार हमलावर हैं। ओपी राजभर ने बुधवार को यह कहकर सनसनी फैला दी थी कि समाजवादी पार्टी में बड़ी टूट होने वाली है। राजभर ने एक्स हैंडल पर पोस्ट किया था कि समाजवादी पार्टी में बड़ी टूट होगी। राम गोपाल यादव ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को चिट्ठी सौंपी है। 

बलिया का लाल करेगा बागियों का नेतृत्वः राजभर

ओम प्रकाश राजभर ने एक्स हैंडल पर पोस्ट कर कहा, ''कल से सब पूछ रहे हो कि सपा में क्या टूट होने वाली है? तो सुनो! सपा के बागी सांसदों के गुट का नेतृत्व उत्तर प्रदेश की 'बागी भूमि' का एक लाल करेगा। और करे भी क्यों न? कल जिस तरह से सपा कार्यालय में सम्मेलन के नाम पर ब्राह्मणों को तिरस्कृत किया गया, उससे 'बागी बलिया' का लाल बहुत आहत है। योजना पहले से थी लेकिन कल कि घटना ने आग में घी डालने का काम कर दिया है। टूट होकर रहेगी''।

अखिलेश जाकर सांसदों से माफी मांगेंः राजभर

राजभर ने कहा कि मेरी एक प्रतिक्रिया पर जिस तरह से पूरा सैफई खानदान मुझे गाली देने और सफाई देने में जुट गया, उससे ज्यादा बेहतर है कि अखिलेश यादव प्रेस कांफ्रेंस वाली नेतागिरी छोड़कर अब सांसद बचाओ अभियान शुरू कर दें। और दुखी एवं निराश सांसदों के घर जाकर उनसे माफी मांगे।

अखिलेश यादव ने ओपी राजभर पर साधा निशाना

ओपी राजभर के बयान पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी कड़ी प्रतिक्रिया दी और सुभासपा प्रमुख राजभर पर जमकर निशाना साधा। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि भविष्यवाणी करने वाले अपनी पार्टी की भविष्यवाणी करें कि उन्हें भाजपा 75 सीट दे रही है 50 या फिर सिर्फ़ आश्वासन। इन्होंने भाजपा के गठबंधन से 30 सीटें मिलने की अफ़वाह फैलाकर जो पैसा एडवांस लिया है, वो लोग इन्हें ढूंढ रहे हैं।

ये भी पढ़ेंः 'अब सपा में होगी बड़ी टूट', ओपी राजभर का बड़ा दावा, मंत्री के बयान से गरमाई यूपी की सियासत

'समाजवादी पार्टी के 25 से 26 सांसद टूटने की स्थिति में...', डिप्टी CM केशव मौर्य ने किया चौंकाने वाला दावा

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।