उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद से एक दिल दहलाने की घटना सामने आई है। मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र में प्रेम-प्रसंग के चलते एक युवक ने कथित रूप से अपनी प्रेमिका के पति पर गंडासे से ताबड़तोड़ हमला कर दिया जिसके बाद उस युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ मामले की जांच शुरू कर दी है।
आरोपी ने युवक पर किया करीब 17 बार गंडासे से हमला
मुजफ्फरनगर जनपद में सीओ बुढ़ाना गजेंद्र पाल सिंह ने इस घटना की जानकारी देते हुए बताया की एक युवक का कथित रूप से एक महिला से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। महिला के पति को इसकी जानकारी होने के बाद दोनों के बीच विवाद की स्थिति बनी हुई थी। आरोप है कि इसी रंजिश में आरोपी ने महिला के पति पर गंडासे से हमला कर दिया। आरोपी ने उस पर एक-दो नहीं बल्कि करीब 17 बार गंडासे से हमला किया। हमले में युवक के सिर समेत शरीर के कई हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं। मिली जानकारी के अनुसार हमले की तीव्रता इतनी अधिक थी कि पीड़ित के सिर की हड्डी तक टूट गई। उसकी आंखों पर भी गंभीर चोट आई। खून से लथपथ युवक को आनन-फानन में उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए उपचार शुरू किया। हालांकि, इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही
इस घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के पीछे प्रेम-प्रसंग और रंजिश की बात सामने आ रही है। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जाने के साथ आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद से क्षेत्र में तनाव और दहशत का माहौल बना हुआ है। वहीं पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। इस घटना से जुड़ा एक भावुक पहलू भी सामने आया। बताया जा रहा है कि जिंदगी के आखिरी पलों में भी घायल पति ने अपनी पत्नी का हाथ पकड़े रखा। इस दृश्य को देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गई।
(रिपोर्ट - योगेश त्यागी)
ये भी पढ़ें
नशे में धुत सिपाही ने दुकानदार से मांगे 5 हजार रुपये, VIDEO आया सामने, लाइन हाजिर
यूपी बीजेपी ने क्षेत्र और मोर्चा प्रभारियों का किया ऐलान, 6 क्षेत्र प्रभारियों की नियुक्ति