उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के मवाना में पुलिस की देर रात अटौरा रोड रजवाहे की पटरी स्थित ईंख के खेत में गौकशी की तैयारी कर रहे बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं, उसका साथी अंधेरे और ईंख के खेत का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मौके से एक जीवित गौवंश, अवैध तमंचा, कारतूस और गौकशी के उपकरण बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि अटौरा रोड रजवाहे की पटरी के पास ईंख के खेत में दो व्यक्ति एक बछड़े को कटाने के लिए लेकर गए हैं। सूचना पर थाना मवाना पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस ने आरोपियों को आत्मसमर्पण की चेतावनी दी, लेकिन बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
मौके से बरामद किया गया जीवित बछड़ा
मवाना में हुई इस घटना में पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ की जवाबी फायरिंग में एक आरोपी के पैर में गोली लगी। घायल आरोपी की पहचान बिलाल पुत्र रियाजुद्दीन उर्फ रियाजू, निवासी मोहल्ला कल्याण सिंह, ईदगाह बाईपास रोड, कस्बा मवाना, जनपद मेरठ के रूप में हुई। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए सीएचसी मवाना भेज दिया। वहीं इस मुठभेड़ के दौरान बिलाल का साथी भूरा उर्फ जावेद पुत्र महफूज उर्फ चाटू, निवासी फलावदा रोड, कस्बा मवाना, अंधेरे और ईंख के खेत का फायदा उठाकर फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम द्वारा कॉम्बिंग और अन्य प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक जीवित गौवंश यानी बछड़ा, .315 बोर का एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, दो छुरी, एक सुम्मा और एक दाब बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक, मामले में थाना मवाना पर मु0अ0सं0 311/2026 के तहत धारा 109(1) बीएनएस, 3/25/27 आयुध अधिनियम तथा 3/5/8 उत्तर प्रदेश गौवध निवारण अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पहले से दर्ज हैं आरोपियों के खिलाफ कई मुकदमे
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी बिलाल के खिलाफ साल 2020, 2022 और 2026 में गौवध निवारण अधिनियम समेत अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। वहीं फरार आरोपी भूरा उर्फ जावेद के खिलाफ साल 2016 से 2026 तक मारपीट, बलवा, जानलेवा हमले, गौवध निवारण अधिनियम और गुंडा नियंत्रण अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं में कुल सात मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में कॉम्बिंग कर रही है।
ये भी पढ़ें
सहारनपुर कलेक्ट्रेट मस्जिद पर चला बुलडोजर, भारी पुलिस फोर्स के बीच हुआ ध्वस्तीकरण